

योगी ने सपा-कांग्रेस पर अयोध्या को बदनाम करने आरोप लगाया
बोले- दूसरों का जीवन बर्बाद करने वालों को आबाद नहीं रहने देंगे
वनटांगिया गांव में 82.41 करोड़ की 52 परियोजनाओं का लोकार्पण
CM Yogi Vantangiya Village Diwali: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा और कांग्रेस पर अयोध्या को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अयोध्या की विरासत और विकास की यात्रा रोकने में नाकाम रहे विपक्षी दल अब दुष्प्रचार कर रहे हैं। अगर विकास की यह यात्रा जारी रही तो सपा और कांग्रेस की राजनीति पर संकट खड़ा हो जाएगा।
मुख्यमंत्री रविवार को गोरखपुर के वनटांगिया गांव जंगल तिनकोनिया नंबर तीन में वनवासियों के साथ दीपावली मनाने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने लगातार दसवीं बार यहां वनटांगिया परिवारों के साथ दीपपर्व मनाया। इस दौरान 82.41 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले अयोध्या में 'जय श्रीराम' बोलने पर प्रतिबंध लगाया जाता था और लाठी-गोली चलती थी। विपक्षी दल कहते थे कि राम हुए ही नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में सड़क, बिजली, एयरपोर्ट और रेलवे के क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से नशे और जुए से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा परिवारों को बर्बाद करता है और जुआ व्यक्ति को गुलाम बना देता है। माफिया के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब सरकार नशे के सौदागरों पर प्रहार कर रही है। उन्होंने कहा, 'जो लोग दूसरों के जीवन को बर्बाद करते हैं, हम उनको आबाद नहीं रहने देंगे।' युवाओं से अच्छी पढ़ाई करने की अपील करते हुए उन्होंने नौकरी और रोजगार की गारंटी सरकार की ओर से लेने की बात कही।
योगी ने कहा कि अंग्रेजों के बाद कांग्रेस और सपा की सरकारों ने वनटांगिया समुदाय को 100 साल से अधिक समय तक जंगलों में भटकने के लिए छोड़ दिया। प्रदेश के 56 वनटांगिया गांवों में सड़क, बिजली, पानी, स्कूल, अस्पताल और पक्के मकान जैसी सुविधाएं नहीं थीं।
उन्होंने कहा कि 2017 के बाद इन गांवों में विकास हुआ है। अब लोगों को सड़क, बिजली, राशन कार्ड, पक्का मकान और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। योगी ने सपा-कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के लिए उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता एक परिवार है।