भगवान बांके बिहारी की भक्ति में रंगे नेपाल के सांसद हरिश्चंद्र शाह, बोले- ब्रज में बसने की है इच्छा

EXCLUSIVE STORY: भारत-नेपाल के रिश्तों, पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व,नेपाल के विकास और सीमा पर उद्योगों की स्थापना को लेकर विचार व्यक्त किये, गिरिराज महाराज की सप्तकोसी परिक्रमा कर आशीर्वाद लिया
Nepal MP Harishchandra Shah tells Navbharat
नेपाल के सांसद हरिश्चंद्र शाह नवभारत से बोले- ब्रज में बसने की है इच्छा(सोर्स: नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • नेपाल के सांसद हरिश्चंद्र शाह बांके बिहारी की भक्ति में रंगे

  • भारत-नेपाल के रिश्तों और पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना।

  • सीमा पर बड़े उद्योग लगाकर युवाओं को रोजगार देने की पैरवी

  • बांके बिहारी, जन्मभूमि, गिरिराज महाराज और राधारानी के किए दर्शन

Nepal MP Harishchandra Shah Arrived Mathura : भगवान श्रीकृष्ण की नगरी ब्रजभूमि का आकर्षण केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींचता है। इसी आध्यात्मिक आकर्षण से प्रभावित होकर नेपाल के सांसद एवं नेपाली जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र शाह मथुरा पहुंचे।

अपने ब्रज प्रवास के दौरान उन्होंने भगवान बांके बिहारी से लेकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि, गिरिराज महाराज और बरसाना की लाड़ली जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। ब्रज की भक्ति, संस्कृति और आध्यात्मिक वातावरण से अभिभूत शाह ने यहां निवास करने की इच्छा भी जाहिर की।

नवभारत संवाददाता मोहन श्याम शर्मा से विशेष बातचीत में उन्होंने भारत-नेपाल के संबंधों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, नेपाल के विकास और दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग की संभावनाओं पर खुलकर अपने विचार रखे।

बांके बिहारी से राधारानी तक दर्शन, ब्रज में बसने की इच्छा

नेपाल से ब्रजभूमि पहुंचे हरिश्चंद्र शाह का धार्मिक प्रवास कई प्रमुख मंदिरों के दर्शन के साथ संपन्न हुआ। उन्होंने वृंदावन में ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के दर्शन किए तो मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया। इसके बाद गोवर्धन में गिरिराज महाराज की सप्तकोसी परिक्रमा कर पूजा-अर्चना की। बरसाना में राधारानी के दर्शन कर उन्होंने अपनी श्रद्धा निवेदित की।

नवभारत से बातचीत के दौरान उन्होंने ब्रजभूमि के प्रति अपनी विशेष आस्था व्यक्त की। उनका कहना था कि ब्रज की धरती का आध्यात्मिक महत्व शब्दों में व्यक्त करना आसान नहीं है। यहां भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं की अनुभूति होती है। मंदिरों में गूंजते भजन, श्रद्धालुओं की भक्ति और ब्रजवासियों का प्रेम मन को शांति प्रदान करता है। उन्होंने ब्रज में बार-बार आने के साथ-साथ भविष्य में यहीं निवास करने की इच्छा भी जताई।

आन्यौर के रोटी बैंक में ग्रहण किया प्रसाद, सेवाभाव की सराहना

गोवर्धन की परिक्रमा के दौरान सांसद हरिश्चंद्र शाह आन्यौर स्थित राधेश्यामका रोटी बैंक भी पहुंचे। यहां उन्होंने प्रसाद ग्रहण किया और रोटी बैंक संचालकों द्वारा श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों की सेवा के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

उन्होंने संचालकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों पर सेवा और जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराना भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा है। धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव सेवा भी उसका महत्वपूर्ण स्वरूप है।

Nepal MP Harishchandra Shah tells Navbharat
Akshaya Navami 2026: मथुरा-वृंदावन की परिक्रमा में क्यों उमड़ता है जनसैलाब, जानिए 'सतयुग आदि' का रहस्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना, भारत-नेपाल के रिश्तों पर विशेष चर्चा

नवभारत संवाददाता मोहन श्याम शर्मा से एक्सक्लूसिव बातचीत में हरिश्चंद्र शाह ने भारत और नेपाल के संबंधों को लेकर कहा कि दोनों देशों के बीच रिश्ता केवल राजनीतिक या व्यापारिक नहीं है, बल्कि सदियों पुरानी धार्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आत्मीयता पर आधारित है।

दोनों देशों के नागरिकों के बीच रोटी-बेटी का संबंध है। भगवान श्रीराम और माता सीता से लेकर भगवान श्रीकृष्ण की परंपराओं तक दोनों देशों की सांस्कृतिक विरासत एक-दूसरे से जुड़ी हुई है।

उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत का नेतृत्व और दोनों देशों के बीच सहयोग की संभावनाएं नेपाल के विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। उनका मानना है कि भारत और नेपाल को आपसी विश्वास, संवाद और आर्थिक सहयोग को और अधिक मजबूत करना चाहिए।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के भारत दौरे पर टिकी निगाहें

बातचीत में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह (बालेन शाह) के प्रस्तावित भारत दौरे का विषय भी प्रमुखता से उठा। हरिश्चंद्र शाह के अनुसार, 22 नवंबर 2026 से प्रस्तावित इस यात्रा के दौरान नेपाल के प्रधानमंत्री की भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होने की संभावना है।

इस दौरान दोनों देशों के आपसी संबंधों, व्यापार, आर्थिक सहयोग और नेपाल के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

उन्होंने भारत के गृहमंत्री अमित शाह के साथ संभावित मुलाकात और द्विपक्षीय विषयों पर बातचीत का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, भारत और नेपाल के बीच बेहतर समन्वय से कई आर्थिक और विकास संबंधी समस्याओं का समाधान निकाला जा सकता है।

Nepal MP Harishchandra Shah tells Navbharat
नेपाल के PM बालेन्द्र शाह का पहला भारत दौरा, 23-25 नवंबर को दिल्ली में PM मोदी से करेंगे मुलाकात

सीमा पर बड़े उद्योग स्थापित हों, युवाओं को मिले रोजगार

सांसद हरिश्चंद्र शाह ने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में बड़े उद्योगों की स्थापना को दोनों देशों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में औद्योगिक इकाइयां स्थापित होने से व्यापार बढ़ेगा, स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और दोनों देशों के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

उन्होंने नेपाल की आर्थिक आवश्यकताओं और विकास कार्यों में भारत के सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की। उनका मानना है कि दोनों देशों के बीच औद्योगिक निवेश, व्यापारिक सुविधाओं और आधारभूत ढांचे के विकास पर गंभीरता से काम होना चाहिए। इससे नेपाल को आर्थिक रूप से मजबूती मिलेगी और भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी विकास को गति मिलेगी।

धर्म और कूटनीति के बीच ब्रज बना आत्मीयता का सेतु

नेपाल के सांसद हरिश्चंद्र शाह का मथुरा-वृंदावन प्रवास केवल धार्मिक यात्रा तक सीमित नहीं रहा। एक ओर उन्होंने बांके बिहारी, श्रीकृष्ण जन्मभूमि, गिरिराज महाराज और राधारानी के दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभूति की, वहीं दूसरी ओर भारत-नेपाल के राजनीतिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों पर भी अपने विचार साझा किए।

श्री कृष्ण जन्म स्थान मंदिर मुक्ति और निर्माण का केस लड़ रहे दिनेश फलाहरी जी महाराज ने किया उनका भव्य स्वागत,

ब्रजभूमि में निवास करने की इच्छा जताने वाले शाह ने यहां की धार्मिक परंपराओं और सामाजिक सेवाओं के प्रति विशेष सम्मान व्यक्त किया। उनका यह दौरा इस बात का भी उदाहरण रहा कि ब्रजभूमि की आध्यात्मिक पहचान सीमाओं से परे नेपाल सहित विश्वभर के लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है।