

Mathura Vrindavan Municipal Corporation: मथुरा-गोवर्धन मार्ग स्थित नगर निगम मथुरा-वृंदावन के वार्ड नंबर-3 की संगम विहार कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। श्रीजी बाबा स्कूल के निकट गिरधरपुर रोड से गिरधर ग्रीन कॉलोनी तक सड़क, नाला और स्ट्रीट लाइट की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बारिश के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर जलभराव और कीचड़ के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता है। फिसलन के चलते कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं। नाला नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा रहता है, जिससे लोगों को पैदल निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
संगम विहार कॉलोनी निवासी दीपक कुमार सहित करीब एक दर्जन लोगों ने हस्ताक्षरयुक्त शिकायत देकर संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि कई वर्षों से क्षेत्र में इंटरलॉकिंग सड़क, नाला निर्माण और स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था नहीं है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार नगर निगम मथुरा-वृंदावन, संबंधित पार्षदों और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। यहां तक कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सहित संबंधित अधिकारियों को भी शिकायतें भेजी गई हैं, लेकिन लोगों का आरोप है कि अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया।
वहीं, स्ट्रीट लाइट के अभाव में रात के समय पूरा मार्ग अंधेरे में डूब जाता है। इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है और सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
क्षेत्रवासियों ने शिकायतों पर कार्रवाई न होने की जांच कराने की मांग करते हुए शासन-प्रशासन से श्रीजी बाबा स्कूल से गिरधर ग्रीन कॉलोनी तक इंटरलॉकिंग सड़क, नाला निर्माण और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर कराने की मांग की है।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि उन्हें लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं का इंतजार है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों के समक्ष पुनः शिकायत दर्ज कराने के साथ लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने को मजबूर होंगे।