

Demand To Restart Chhata Sugar Mill Mathura: छाता शुगर मिल को दोबारा चालू कराने की मांग को लेकर भूतपूर्व सैनिकों और किसानों का धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। आंदोलन में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा भी बड़ी संख्या में शामिल होकर अपना समर्थन दे रहे हैं।
किसानों के समर्थन में राजस्थान के भरतपुर से भी कुछ युवा और बुजुर्ग धरना स्थल पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि छाता शुगर मिल के दोबारा शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
धरना दे रहे किसानों और पूर्व सैनिकों ने स्पष्ट कहा कि जब तक छाता शुगर मिल को चालू कराने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते, उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण से धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनने और मिल को चालू कराने की दिशा में ठोस पहल करने की मांग की है।
धरना प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क है और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए है। इसी क्रम में गोवर्धन सीओ अनिल कुमार सिंह भी धरना स्थल पर पहुंचे और पुलिस व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि छाता शुगर मिल केवल एक औद्योगिक इकाई नहीं, बल्कि क्षेत्र के किसानों, मजदूरों और युवाओं के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने दोहराया कि मांग पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।