

धमकी भरा मेल मिलने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट
प्रमुख चौराहों से लेकर रेलवे स्टेशन और बस अड्डों तक सघन चेकिंग अभियान
साइबर टीम भेजने वाले का पता लगाने में जुटी
Mathura Security Increased: धर्मनगरी मथुरा, काशी और अयोध्या के नगर निगम की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा मेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई है। मेल की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग सतर्क हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम की ओर से तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद मथुरा पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। प्रमुख धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील प्रतिष्ठानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
एसएसपी श्लोक कुमार के मुताबिक, धमकी भरे ई-मेल को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। शहर के प्रमुख चौराहों, तिराहों, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी ली जा रही है। पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए सोशल मीडिया सेल, स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को भी सक्रिय किया गया है। ये टीमें लगातार संवेदनशील स्थानों और शहर की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। पुलिस बल क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
मथुरा पुलिस के अनुसार, आगामी त्योहारों को देखते हुए पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही थी। पिछले दो-तीन दिनों से लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने और संदिग्ध परिस्थितियों में पाए जाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। नियमों के उल्लंघन पर वाहनों को सीज भी किया जा रहा है। धमकी भरे ई-मेल के बाद इन अभियानों को और गंभीरता से संचालित किया जा रहा है।
ई-मेल किस स्थान से भेजा गया और इसके पीछे कौन है, इसका पता लगाने के लिए साइबर टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीम ई-मेल के तकनीकी विवरण, डिजिटल स्रोत और अन्य जरूरी जानकारियां जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी भेजने के पीछे किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई गंभीर साजिश है। फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही इसकी वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि, वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक और संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इन स्थानों पर पहले से ही बैगेज स्कैनर और अन्य सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं। पुलिस तकनीकी संसाधनों के साथ मैन्युअल पुलिसिंग के जरिए भी निगरानी कर रही है। मंदिरों में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और उनके सामान की जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि पुलिस प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रहा है। सभी अधिकारियों और जवानों को उच्चतम स्तर की सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम कर रही हैं।