चार दिवसीय दौरे पर मथुरा पहुंचीं पूर्व विधायक अंजली निंबालकर, मंदिरों में चंदे चोरी को लेकर उठाए कई सवाल

Mathura Congress: मथुरा में संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस की प्रेसवार्ता हुई। नए जिलाध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया तेज करने के साथ कांग्रेस ने मंदिरों के चंदे में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की।
Mathura Congress Intensifies Organization Drive, Seeks Probe Into Alleged Temple Donation Irregularities
पूर्व विधायक अंजली निंबालकर(सोर्स- फोटो नवभारत)
Updated on

Congress Sangathan Srijan Abhiyan: संगठन सृजन अभियान के तहत मंगलवार, 11 अगस्त 2026 को दोपहर एक बजे सेठवाड़ा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर कांग्रेस की महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक एवं संगठन सृजन अभियान की मथुरा जनपद ऑब्जर्वर डॉ. श्रीमती अंजली निंबालकर, अभियान के सहयोगी कोऑर्डिनेटर शिवराम वाल्मीकि, श्रीमती प्रतिमा सिंह और अजय शर्मा ने संगठन को लेकर पार्टी की आगामी रणनीति और नए जिलाध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया को लेकर जानकारी दी।

चार दिवसीय दौरे पर मथुरा पहुंची अंजली निंबालकर

डॉ. अंजली निंबालकर ने बताया कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और मथुरा में नए जिला अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से वह चार दिवसीय दौरे पर आई हैं। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत जिले की प्रत्येक विधानसभा में जाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की जाएगी। इन बैठकों में कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर संगठन की स्थिति, स्थानीय समस्याओं और पार्टी को मजबूत करने की संभावनाओं के बारे में जानकारी ली जाएगी।

नए जिलाध्यक्ष के चयन में मांगी कार्यकर्ताओं की राय

उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे सक्रिय, मजबूत और जमीनी स्तर पर स्वीकार्य कांग्रेस नेता की तलाश कर रही है, जिसे जिले की कमान सौंपी जा सके। उनका उद्देश्य मथुरा जिले में कांग्रेस के संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और पार्टी का खोया जनाधार दोबारा हासिल करना है। उन्होंने कहा कि नए जिलाध्यक्ष के चयन में कार्यकर्ताओं की राय, सक्रियता और संगठन के प्रति उनकी स्वीकार्यता को महत्वपूर्ण आधार बनाया जाएगा।

जनता के मुद्दों को लेकर आवाज उठाने की सलाह

प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस में चल रही कथित अंदरूनी खींचतान को लेकर भी सवाल उठे। इस पर डॉ. निंबालकर ने कहा कि नगर अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में जनआंदोलन और पार्टी कार्यक्रम आयोजित करने के लिए स्वतंत्र हैं। उन्होंने इसे संगठन के पदाधिकारियों का अधिकार बताते हुए कहा कि पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी अपने-अपने स्तर पर जनता के मुद्दों को लेकर आवाज उठा सकते हैं।

मंदिरों से जुड़े चंदे में अनियमितताओं को लेकर जांच की मांग

अयोध्या में रामलला मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी के मामले को लेकर भी कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। डॉ. अंजली निंबालकर ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन वाले राज्यों में मंदिरों से जुड़े चंदे में अनियमितताओं के मामले सामने आए हैं। उन्होंने केदारनाथ, अयोध्या, सिद्धिविनायक और केरल सहित विभिन्न स्थानों के मंदिरों का उल्लेख करते हुए चंदे से जुड़े मामलों की जांच की मांग की।

यह भी पढ़ें- हाईकोर्ट पहुंचा सावन में मटन-चिकन की दुकानें बंद कराने का मामला, नोटिस की वैधानिकता पर उठे सवाल

उन्होंने कहा कि मथुरा में भाजपा के पांच विधायक और एक सांसद हैं। ऐसे में यहां के प्रमुख मंदिरों में भी चंदे से जुड़ी किसी प्रकार की अनियमितता हुई है या नहीं, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े धन में गड़बड़ी हुई है तो उसकी जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।

भाजपा पर साधा निशाना

भाजपा पर राजनीतिक हमला बोलते हुए डॉ. निंबालकर ने कहा कि धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति की जा रही है और अब जनता इसे समझने लगी है। उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि जब चौकीदार ही चोर बन जाए तो इससे ज्यादा और क्या कहा जा सकता है। हालांकि, उनके द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर संगठन को नई मजबूती देने का प्रयास किया जा रहा है। विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ताओं की राय लेने के बाद संगठन के लिए उपयुक्त नेतृत्व सामने लाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तैयार करने पर जोर दिया जाएगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com