

Congress High Level Meeting In Delhi: मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन में जल्द ही बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। दिल्ली में पार्टी नेतृत्व की मौजूदगी में प्रदेश संगठन को लेकर एक अहम हाई-लेवल बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला अध्यक्षों के कामकाज और संगठनात्मक प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा की गई।
सूत्रों के अनुसार बैठक में कई जिलाध्यक्षों के प्रदर्शन को लेकर गंभीर चर्चा हुई और कुछ पदाधिकारियों को हटाने पर अंतिम सहमति भी बन गई है। माना जा रहा है कि पार्टी आगामी चुनावी रणनीति और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से यह फेरबदल करने जा रही है।
बैठक में प्रदेशभर के जिला अध्यक्षों को उनके प्रदर्शन के आधार पर A, B और C कैटेगरी में वर्गीकृत किया गया। A कैटेगरी में बेहतर काम करने वाले पांच जिलाध्यक्षों को स्थान दिया गया है। वहीं B कैटेगरी में 45 जिलाध्यक्ष शामिल किए गए, जिनके कामकाज की समीक्षा के बाद छह जिलाध्यक्षों को पद से हटाने का निर्णय लिया गया है। दूसरी ओर C कैटेगरी में 15 जिलाध्यक्षों को रखा गया है, जिन्हें डेंजर जोन माना जा रहा है। इनके प्रदर्शन पर अगली बैठक में विस्तार से चर्चा होगी।
सूत्रों के मुताबिक शुरुआती चरण में जिन जिलों के कांग्रेस अध्यक्षों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है, उनमें डिंडोरी जिले, सिंगरौली, रायसेन, ग्वालियर ग्रामीण, अलीराजपुर और आगर मालवा शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इन जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों और प्रदर्शन को अपेक्षा के अनुरूप नहीं माना गया। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन जल्द ही संगठनात्मक बदलाव की सूची जारी होने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि फिलहाल B कैटेगरी के छह जिलाध्यक्षों को हटाने पर सहमति बनी है, जबकि C कैटेगरी के 15 जिलाध्यक्षों के रिपोर्ट कार्ड पर अगली बैठक में चर्चा होगी। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि दोनों बैठकों के बाद प्रदेशभर में कुल आठ जिलाध्यक्षों की जिम्मेदारी बदली जा सकती है।
यह भी पढ़ें: सागर: PM आवास की शिकायत लेकर पहुंची महिला से मारपीट का आरोप! शाहगढ़ CMO पर फिर उठे सवाल, थाने तक पहुंचा विवाद
कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए प्रदर्शन आधारित बदलाव की रणनीति पर आगे बढ़ रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश कांग्रेस संगठन में कई नए चेहरे और नई जिम्मेदारियां देखने को मिल सकती हैं।