पार्क में बैठे रहे मां-बाप, कुंड में डूबने से 6 साल के बेटे की मौत, गिरिराज परिक्रमा करने आया था परिवार

Govardhan Kund Child Death: मथुरा में गिरिराज महाराज की परिक्रमा लगाने आए ग्रेटर नोएडा के एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब छह वर्षीय मासूम बच्‍चे की कुंड में डूबने से मौत हो गई।
Govardhan Kund Child Death
मृतक रजत (सोर्स- नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • गोवर्धन में कुंड में डूबने से मासूम बच्‍चे की मौत

  • माता-पिता के साथ गिरिराज महाराज की परिक्रमा करने आया था

  • पार्क में आराम कर रहे पर‍िजन, मासूम अचानक लापता हुआ

Rinam Mochan Kund Child Drowns: मथुरा में गिरिराज महाराज की परिक्रमा लगाने आए ग्रेटर नोएडा के एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब छह वर्षीय मासूम बच्‍चे की कुंड में डूबने से मौत हो गई।

बड़ी परिक्रमा पूरी करने के बाद परिवार के सदस्य थकान मिटाने के लिए पार्क में बैठकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान मासूम अचानक लापता हो गया। काफी तलाश और खोजबीन के बाद उसका शव ऋण मोचक कुंड में मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस परिवार ने गिरिराज महाराज के दर्शन और परिक्रमा के लिए गोवर्धन की यात्रा की थी, उसे अपने कलेजे के टुकड़े का शव लेकर लौटना पड़ा।

Govardhan Kund Child Death
कृष्ण की नगरी में गौमाता की आंखों में बेबसी, व्यवस्था पर उठे सवाल ; गोवंश दर-दर भटकने को मजबूर

थकान महसूस होने पर आराम करने रुके थे माता-पिता

जानकारी के अनुसार ग्रेटर नोएडा निवासी देवराज शर्मा अपने परिवार के साथ गोवर्धन पहुंचे थे। परिवार की इच्छा गिरिराज महाराज की परिक्रमा लगाने और धार्मिक स्थलों के दर्शन करने की थी। सभी ने श्रद्धा और आस्था के साथ पहले बड़ी परिक्रमा पूरी की। इसके बाद परिवार के सदस्य छोटी परिक्रमा लगाने के लिए आगे बढ़े। लगातार पैदल चलने के कारण थकान महसूस होने पर वे बिजलीघर के सामने ऋण मोचक कुंड के समीप बने पार्क में बैठकर आराम करने लगे।

बताया गया कि इसी दौरान देवराज शर्मा का छह वर्षीय बेटा रजत अचानक परिजनों की नजरों से ओझल हो गया। कुछ देर तक बच्चे के दिखाई नहीं देने पर परिवार के लोगों ने आसपास तलाश शुरू की। पहले उन्हें लगा कि मासूम पार्क के आसपास ही कहीं खेल रहा होगा, लेकिन काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने आसपास के क्षेत्र में बच्चे की तलाश शुरू कर दी।

काफी तलाश के बाद कुंड में मिला मासूम का शव

बच्चे के लापता होने की सूचना से आसपास के लोगों में भी हलचल मच गई। परिजन और स्थानीय लोग लगातार मासूम को तलाशते रहे। काफी खोजबीन के बाद ऋण मोचक कुंड में बच्चे का शव दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिवार के सदस्यों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में मासूम को कुंड से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन ले जाया गया।

अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्‍टर अमित ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। डॉक्‍टर के अनुसार छह वर्षीय बालक को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था। बच्चे ने ब्लैक टी-शर्ट और ब्लैक लोअर पहन रखा था।

श्रद्धा की यात्रा बनी जिंदगी का सबसे बड़ा दर्द

छह वर्षीय रजत की अचानक हुई मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस मासूम को माता-पिता अपने साथ गिरिराज महाराज की परिक्रमा और दर्शन कराने के लिए लेकर आए थे, उसी की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। परिजनों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मथुरा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु गिरिराज महाराज की परिक्रमा लगाने पहुंचते हैं। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर कुंडों और जलाशयों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील है कि वे बच्चों को जलाशयों और कुंडों के आसपास अकेला न छोड़ें तथा हर समय उन पर विशेष निगरानी रखें।

Govardhan Kund Child Death
मथुरा में 6 दिसंबर को फिर कार सेवा का ऐलान, करणी सेना बोली- देशभर से पहुंचेंगे हजारों सनातनी