वृंदावन पहुंचे बागेश्वर सरकार, नाक रगड़कर किया दंडवत प्रणाम, विरोधियों को मथुरा आने का दिया न्योता

Dhirendra Krishna Shastri Vrindavan Visit: अपने पूर्व के बयानों को लेकर हुए विवाद पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि कथा के दौरान भाषा में त्रुटि हो सकती है, उनके भाव में कोई त्रुटि नहीं हो सकती।
Dhirendra Krishna Shastri Vrindavan
धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री(सोर्स: नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वृंदावन पहुंच किए श्री बांके बिहारी जी के किए दर्शन, संतों से लिया आशीर्वाद

  • बोले धीरेंद्र शास्त्री- जल्द ही हम भी बृजवासी होने वाले हैं, मथुरा आकर औरंगजेब के समय से लगे कलंक को मिटाने में सहयोग करें

  • विरोधियों पर कसा तंज, कहा- कुछ लोगों को उन्हें ट्रोल करने का बहाना चाहिए

Dhirendra Shastri Apologizes to Braj Residents: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शनिवार को धर्मनगरी वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और साधु-संतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।

इस दौरान बागेश्वर सरकार का एक अलग अंदाज देखने को मिला। उन्होंने साधु-संतों और बृजवासियों के श्रीचरणों में नाक रगड़कर दंडवत प्रणाम किया। अपने पूर्व में दिए गए बयानों को लेकर माफी मांगते हुए उन्होंने विरोधियों को भी वृंदावन और मथुरा आने का न्योता दिया।

नाक रगड़कर दंडवत प्रणाम

वृंदावन में आयोजित कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि उन्हें इस बात का बड़ा गर्व है कि वह बार-बार वृंदावन आते रहते हैं। कभी यात्रा के माध्यम से तो कभी साधु-संतों के आशीर्वाद से ब्रजभूमि आने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि आज बड़े प्रेम से वह अपने टेढ़े-मेढ़े ठाकुर जी के धाम में आए हैं और सभी बृजवासियों के श्रीचरणों में नाक रगड़कर दंडवत प्रणाम करते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ संत उनसे पूछ रहे हैं कि मुलाकात होगी या नहीं, तो वह वादा करते हैं कि बहुत जल्द मुलाकात होगी। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि जल्द ही वह भी बृजवासी होने वाले हैं और वृंदावन में उनका भी निवास होगा।

Dhirendra Krishna Shastri Vrindavan
मथुरा में कंस वध मेले की झांकी में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को दिखाया कंस, कृष्ण स्वरूप ने बरसाईं लाठियां

भाषा में त्रुटि हो सकती है, लेकिन भाव नहीं

अपने पूर्व के बयानों को लेकर हुए विवाद पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि कथा के दौरान भाषा में त्रुटि हो सकती है, लेकिन उनके भाव में कोई त्रुटि नहीं हो सकती। उन्होंने विरोध करने वालों पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों को उन्हें ट्रोल करने का बहाना चाहिए। उन्होंने ठाकुर बांके बिहारी जी से ऐसे लोगों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना भी की।

Dhirendra Krishna Shastri
धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री(सोर्स: नवभारत लाइव)

श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का संकल्प दोहराया

इस दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विरोधियों को मथुरा आने का न्योता देते हुए कहा कि एक बार मथुरा भी आ जाओ और औरंगजेब के समय से लगा कलंक मिटाने में सहयोग करो। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प भी दोहराया। वहीं बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर इशारा करते हुए भी राजनीतिक टिप्पणी की और अपने विरोधियों को जवाब दिया।

जब तक जियेंगे, हिंदुत्व के लिए काम करेंगे

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हिंदू एकता पर जोर देते हुए कहा कि जब तक वह जीवित रहेंगे, हिंदू, हिंदुत्व और हिंदुस्तान के लिए काम करते रहेंगे। इसके लिए गोली भी खानी पड़े तो पीछे नहीं हटेंगे। उनका कहना था कि यदि हिंदू एकजुट नहीं होगा तो सनातन और मंदिरों की सुरक्षा कैसे होगी।

Dhirendra Krishna Shastri Vrindavan
भगवान श्रीकृष्ण पर टिप्पणी से पहले भी कई बार विवादों में घिरे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, जानिए प्रमुख बयान