

Radha Rani Temple Stampede News: राधारानी की नगरी बरसाना में राधाष्टमी के अवसर पर उमड़ी लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के सामने प्रशासनिक व्यवस्थाएं उस समय सवालों के घेरे में आ गईं, जब होल्डिंग एरिया में भीड़ का दबाव बढ़ने से भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। भीड़ में फंसे श्रद्धालु अपनी जान बचाने के लिए बेरीकेटिंग तोड़कर बाहर निकलते नजर आए। इस दौरान एक महिला श्रद्धालु बेरीकेटिंग में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
दरअसल, राधाष्टमी पर्व पर बरसाना में देशभर से लाखों श्रद्धालु राधारानी के दर्शन के लिए पहुंचे थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से जगह-जगह होल्डिंग एरिया बनाए गए थे। आरोप है कि श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ ही होल्डिंग एरिया में भीड़ का दबाव लगातार बढ़ता गया। हालात बिगड़ने पर श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि भीड़ में फंसे कई श्रद्धालुओं ने किसी तरह बेरीकेटिंग को हटाकर बाहर निकलने का प्रयास किया। इसी दौरान एक महिला श्रद्धालु बेरीकेटिंग में फंस गई और उसे गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने महिला को बाहर निकाला।
घटना से जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें होल्डिंग एरिया में भारी भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। वीडियो में कुछ श्रद्धालु बेरीकेटिंग तोड़कर निकलते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद श्रद्धालु प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताते दिखाई दिए।
राधाष्टमी मेले में लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के बड़े दावे किए गए थे। ऐसे में होल्डिंग एरिया में बिगड़े हालात ने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, प्रशासन की ओर से घटना को लेकर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।