गिरिराजजी की परिक्रमा करते भावुक हुए अनंत अंबानी, भजनों पर झूमे; बोले- दादा-दादी की वजह से यहां हूं

Anant Ambani Govardhan Parikrama: अनंत अंबानी ने गिरिराज महाराज को 280 किलो के 56 व्यंजनों का लगाया भोग। भजनों पर किया भी डांस। उन्‍होंने कहा क‍ि देश की भलाई के लिए मांगी प्रार्थना।
Anant Ambani
अनंत अंबानी ने गिरिराज महाराज की परिक्रमा की(सोर्स- सोशल मीड‍िया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • अनंत अंबानी ने दो दिवसीय धार्मिक यात्रा पर मथुरा पहुंचे

  • गिरिराजजी की सात कोसीय परिक्रमा 3 घंटे 30 मिनट में की

  • अनंत अंबानी ने मुखारविंद मंदिर में 56 व्यंजनों का भोग लगाया

Anant Ambani Mathura Visit: मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी मथुरा के गोवर्धन पहुंचे। यहां उन्होंने गिरिराज महाराज और मदन मोहन जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने गिरिराजजी की सात कोसीय यानी करीब 12 किलोमीटर की परिक्रमा की।

इस दूरी को पूरा करने में उन्हें करीब 3 घंटे 30 मिनट लगे। इस दौरान उनके साथ राज्यसभा सांसद धनराज परिमल नाथवानी भी मौजूद रहे।

अनंत अंबानी के गोवर्धन पहुंचने पर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। रास्ते में लोगों ने उनका स्वागत किया। अनंत अंबानी भजनों पर डांस करते नजर आए। उनकी सुरक्षा के लिए 200 बॉडीगार्ड्स तैनात रहे। अनंत अंबानी दो दिवसीय धार्मिक यात्रा पर मथुरा पहुंचे, आज वे बांके बिहारी के दर्शन करेंगे।

Anant Ambani
देव दीपावली पर भक्ति में सराबोर दिखे श्रीकांत शर्मा, मथुरा में भजन गाकर विधायक ने मोह लिया श्रद्धालुओं का मन

मुखारविंद मंदिर में 56 व्यंजनों का भोग लगाया

अनंत अंबानी सबसे पहले गोवर्धन के जतीपुरा स्थित प्रसिद्ध मुखारविंद मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने गिरिराजजी के श्रृंगार दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर के सेवायत गोस्वामी विशाल बाबा के नेतृत्व में उन्होंने गिरिराज महाराज की सेवा-पूजा की।

इस दौरान भगवान को 280 किलो के 56 व्यंजनों का भोग लगाया गया। गोस्वामी विशाल बाबा ने भगवान की शयन आरती भी कराई। मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के बीच अनंत अंबानी ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

मदन मोहन जी मंदिर में भी किए दर्शन

मुखारविंद मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद अनंत अंबानी पुष्टि मार्गीय वैष्णव संप्रदाय की परंपरा के अनुसार मदन मोहन जी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने गिरिराजजी की सात कोसीय परिक्रमा शुरू की। करीब 12 किलोमीटर की यह परिक्रमा उन्होंने 3 घंटे 30 मिनट में पूरी की।

अनंत बोले- दादा-दादी की वजह से आज यहां हूं

परिक्रमा के बाद अनंत अंबानी ने कहा क‍ि आज मैं यहां अपने दादा-दादी की वजह से हूं। यहां जो अनुभव हुआ, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। यहां आकर भावों से भर गया हूं।

उन्होंने कहा कि मैंने अपने देश की भलाई, प्रधानमंत्रीजी की लंबी उम्र और देश के हर नागरिक के कल्याण के लिए प्रार्थना की है। श्रीनाथजी हम सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें।

गंगाधाम में किया रात्रि विश्राम, आज बांके बिहारी के दर्शन

गोवर्धन में धार्मिक कार्यक्रमों के बाद अनंत अंबानी ने जतीपुरा स्थित गंगाधाम में रात्रि विश्राम किया। शनिवार सुबह उनके वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने का कार्यक्रम है।

Anant Ambani
वृंदावन पहुंचे बागेश्वर सरकार, नाक रगड़कर किया दंडवत प्रणाम, विरोधियों को मथुरा आने का दिया न्योता