मथुरा बोट हादसे पर PMO ने जताया दुख, सोशल मीडिया पर किया पोस्ट; समाजवादी पार्टी ने सरकार पर साधा निशाना

Uttar Pradesh News: मथुरा में केसी घाट के पास श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटने से 10 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे पर पीएम मोदी और सीएम ने शोक जताया है, वहीं 'सपा' ने इसे सरकारी लापरवाही करार दिया।
Uttar Pradesh News: PMO On Mathura Boat Accident
पीएम मोदी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mathura Boat Tragedy: मथुरा के वृंदावन में यमुना नदी में पीपा के पुल के पास पर्यटकों से भरी नाव पलट गई है, जिससे हड़कंप मच गया। इस हादसे में 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि करीब एक दर्जन लोगों के लापता होने की सूचना है। इस बीच प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने इस दुर्घटना पर संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

पीएमओ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि उत्तर प्रदेश के मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना से गहरा दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।

मथुरा जिला प्रशासन ने क्या बताया?

मथुरा के जिलाधिकारी सीपी सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पंजाब के लुधियाना से आए श्रद्धालुओं को ले जा रही एक नाव यमुना नदी में पलट गई, जिससे एक दुखद हादसा हो गया। अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार दोपहर करीब 2:45 बजे यमुना नदी में एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ। लुधियाना से करीब 30 लोग आए थे और नदी में दो नावों पर नौका विहार कर रहे थे। यह घटना केसी घाट के पास हुई, जहां एक नाव डूब गई।

सीएम योगी ने हादसे पर जताया शोक

इस दुखद घटना पर योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि जनपद मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव व राहत कार्य संचालित करने और घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

समाजवादी पार्टी ने सरकार को घेरा

समाजवादी पार्टी मीडिया सेल ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि भाजपा सरकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार के परिणाम स्वरूप मथुरा के वृंदावन में यमुना नदी में नाव डूबने से कई लोगों की मौत और कई के लापता होने की सूचना स्तब्धकारी है, दुखद है। मृतकों के प्रति विनम्र श्रद्धांजलि, परिजनों के प्रति संवेदनाएं, सभी को समुचित मुआवजा दे सरकार।

पोस्ट में आगे लिखा गया है कि पूरे वृंदावन मथुरा समेत उत्तर प्रदेश के सभी धार्मिक स्थलों का भाजपा ने व्यवसायीकरण कर दिया है, लूटखसोट कर रही है, जिसके कारण अक्सर इन धार्मिक स्थलों पर अव्यवस्था कुप्रबंधन एवं भ्रष्टाचार के कारण दुर्घटनाएं घटित हो रही है और उसमें लोगों की जाने जा रही हैं जिसकी जिम्मेदार यह भ्रष्ट भाजपा सरकार है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com