घटनास्थल पर मौजूद लोग, (सोर्स-सोशल मीडिया)
Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में गंगा नहाने के दौरान 7 लड़कियां डूब गईं। दो के शव बरामद कर लिए गए हैं। एक का सुराग अब तक नहीं मिल सका है। वहीं, गोताखोरों ने चार लड़कियों के बचाने में सफल रहे। पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। दरअसल, करंडा थाना क्षेत्र के एक ही गांव की 7 लड़कियां रविवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे नहाने गंगा नदी के घाट पर गई थीं। इस दौरान सातों तेज बहाव में बहने लगीं।
चीख-पुकार सुनकर स्थानीय मल्लाह नदी में कूद पड़े। उन्होंने 4 लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन, 3 को नहीं बचा पाए। करीब 1 घंटे के बाद एक और 4 घंटे बाद दूसरी लड़की की लाश बरामद हुई। तीसरी की तलाश अब भी जारी है।
सूचना पर करंडा थाना प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सुबह करीब 7 बजे एक किशोरी का शव बरामद हुआ। जिसकी पहचान पूनम यादव (19) पुत्री रामबचन यादव के रूप में हुई। सुबह 10:30 बजे दूसरा शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान रोली यादव (16) पुत्री राजदेव यादव के रूप में हुई। तीसरी किशोरी खुशी (12 ) पुत्री बब्लू की तलाश जारी है।
प्रत्यक्षदर्शी मल्लाह बलिराम चौधरी ने बताया- किशोरियां नहाते समय गहरे पानी में चली गईं। 2 किशोरियां डूबने लगीं तो बाकी चार भी उन्हें बचाने की कोशिश में तेज बहाव की ओर चली गईं। इसी कोशिश में 3 किशोरियां डूब गईं। थाना प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि एसडीआरएफ को सूचना दी गई है। जब तक तीसरी किशोरी भी नहीं मिल जाती, सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।
किशोरियों के डूबने की सूचना जैसे ही रमजनपुर सिकंदरपुर गांव में पहुंची, कोहराम मच गया। परिजन भी घाट पर पहुंचे हुए हैं। तीनों ही किशोरियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानिय पुलिस गोताखोरों की मदद से लापता एक किशोरी के तलाश में जुटे हैं।
ये भी पढ़ें: अयोध्या दीपोत्सव 2025 : आज बनेंगे दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, ऐसे की गयी है पूरी तैयारी
मिली जानकारी के मुताबिक, सभी लड़कियां गांव की अन्य महिलाओं के साथ गंगा नदी में स्नान करने आई थीं। नहाते समय वे गहरे पानी में चली गईं, जिससे यह हादसा हुआ। बताया जा रहा था कि तीनों के घर में दीवाली की तैयारी चल रही थी। गंगा स्नान के बाद छोटी दीवाली का पूजन होना था। इससे पहले इस दर्दनाक हादसे से तीनों लड़कियाें के परिवार में कोहराम मच गया।