

सीएम ने लॉन्च की ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक
जनता के नाम लिखी गई पातियों के 50 सप्ताह पूरे
सात दिन, सात थीम पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
CM Yogi Adityanath: लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने पर कॉफी टेबल बुक लॉन्च की। इस पुस्तक में सीएम की ओर से प्रदेश की जनता के नाम लिखी गई पातियों के 50 सप्ताह के सफर, उनके प्रमुख संदेशों और जनसरोकारों को संकलित किया गया है।
इसके साथ ही सीएम ने 1090 परिसर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से लगाई गई विशेष प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी किया।
‘योगी की पाती’ के जरिए सीएम ने शासन की प्राथमिकताओं के साथ आम लोगों के जीवन, उनकी आकांक्षाओं और अपेक्षाओं से जुड़े मुद्दों को भी सामने रखा है। किसान, नौजवान, महिलाएं, आस्था, विकास, सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे विषयों को इसमें प्रमुखता दी गई है।
कॉफी टेबल बुक में सीएम योगी की पातियों के प्रमुख संदेशों, अलग-अलग विषयों और जनहित से जुड़े मुद्दों को जगह दी गई है। यह पुस्तक केवल पातियों का संग्रह नहीं, बल्कि सरकार और समाज के बीच संवाद स्थापित करने की पहल का दस्तावेज है। इसमें प्रदेश की विकास यात्रा और सरकार की प्राथमिकताओं की झलक भी देखने को मिलेगी।
विशेष प्रदर्शनी में ‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह के सफर को क्रमबद्ध तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इसमें अलग-अलग सप्ताहों की थीम, सीएम के संदेशों और उनसे जुड़े जनसरोकारों को चित्रों और रचनात्मक माध्यमों से दिखाया गया है।
इस आयोजन को सात दिनों के सांस्कृतिक उत्सव से भी जोड़ा गया है। हर दिन एक विशेष थीम पर सांस्कृतिक संध्या होगी। सोमवार को ‘मिट्टी की पाती’ में किसान, खेती और गोवंश संरक्षण, मंगलवार को ‘बेटी की पाती’ में महिला सुरक्षा और सम्मान तथा बुधवार को ‘नौजवान की पाती’ में रोजगार, कौशल और युवाओं के सपनों को केंद्र में रखा जाएगा।
गुरुवार को ‘आस्था की पाती’ में अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन और नैमिषारण्य की विरासत दिखाई जाएगी। शुक्रवार की ‘रफ्तार की पाती’ में एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो और औद्योगिक विकास, शनिवार की ‘सुकून की पाती’ में सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा तथा रविवार की ‘आपकी पाती’ में बीते दस वर्षों की यात्रा को गीत-संगीत के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा।