

सीएम बोले- बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड बन गया है
ग्रेटर नोएडा में 1,200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से ट्रैक्टर प्लांट बन रहा
जेवर क्षेत्र में सेमीकंडक्टर, मेडिकल डिवाइस, टॉय पार्क जैसी परियोजनाएं
CM Yogi CNH Tractor Plant: उत्तर प्रदेश में बुलडोजर अब सिर्फ एक मशीन नहीं, बल्कि प्रदेश की एक खास पहचान बन चुका है। योगी सरकार में अपराधियों और माफिया के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बुलडोजर का इस्तेमाल चर्चा में रहा और राजनीतिक गलियारों से लेकर आम चर्चा तक इसे ‘बाबा का बुलडोजर’ कहा जाने लगा।
योगी सरकार ने इसे कानून-व्यवस्था से जोड़कर अपनी सख्त कार्रवाई के रूप में पेश किया।अब सीएम योगी इसे प्रदेश के औद्योगिक ब्रांड के रूप में भी देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कंपनियां उत्तर प्रदेश में बुलडोजर और ट्रैक्टर बनाएंगी, तो देश ही नहीं, विदेशों में भी इनकी मांग बढ़ेगी।
सीएम ने ग्रेटर नोएडा में CNH कंपनी के नए प्लांट की आधारशिला रखी। यह प्लांट 100 एकड़ में 1,200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से स्थापित किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में बुलडोजर का नाम योगी सरकार की अपराधियों और माफिया के खिलाफ कार्रवाई के साथ जुड़ा। प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद हो या लखनऊ में मुख्तार अंसारी, दोनों पर हुई कार्रवाई के दौरान बुलडोजर की तस्वीरें और वीडियो लगातार चर्चा में रहे।
सरकारी और सार्वजनिक जमीनों को खाली कराने के साथ इसका इस्तेमाल सड़कों, भवनों और दूसरी निर्माण परियोजनाओं में भी होता रहा है
अब सीएम ने इसकी पहचान को उद्योग से जोड़ने की बात कही है। उनका संदेश साफ है कि जिस बुलडोजर को यूपी की पहचान के तौर पर देखा जाने लगा है, उसका निर्माण भी प्रदेश में होना चाहिए। इससे प्रदेश में मशीनरी निर्माण को बढ़ावा मिल सकता है और यूपी के नाम से जुड़ा यह ब्रांड देश-विदेश के बाजारों तक पहुंच सकता है।
योगी ने कहा कि जिस क्षेत्र में कभी गोलियां चलती थीं और जो अपराध के लिए बदनाम था, वही आज भारत के ‘गहने’ के रूप में निवेश का बड़ा केंद्र बन रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यीडा के विकास से यह पूरा क्षेत्र औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित हो रहा है।
यहां HCL-Foxconn का सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, MSME पार्क और डाटा सेंटर जैसी परियोजनाएं आकार ले रही हैं।
योगी ने कहा कि CNH इंडस्ट्रियल का 100 एकड़ में बनने वाला प्लांट कृषि में मशीनों के इस्तेमाल और आधुनिक निर्माण को बढ़ावा देगा। इस पर 1,200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होगा और हजारों लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिलेंगे। भारत के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 18.5 प्रतिशत है। उन्होंने कंपनी प्रबंधन को सरकार की ओर से हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिया।
‘बाबा का बुलडोजर’ 2027 के विधानसभा चुनाव में बड़ा मुद्दा बन सकता है। भाजपा इसे माफिया और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के प्रतीक के रूप में पेश करेगी, जबकि विपक्ष इस पर सरकार को घेर सकता है। लेकिन अब बुलडोजर की चर्चा सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं रहने वाली।
योगी सरकार इसे उद्योग से जोड़कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना चाहती है। यूपी में बुलडोजर और ट्रैक्टर बनने से नए उद्योग लगेंगे, लोगों को रोजगार मिलेगा और किसानों को भी फायदा हो सकता है। यानी इस बार बुलडोजर चुनाव में मुद्दा तो बनेगा ही, साथ ही उत्तर प्रदेश की कमाई और विकास बढ़ाने में भी भूमिका निभा सकता है।