देव दीपावली पर रोशनी से नहाएंगे काशी के 84 घाट, गंगा पार भी होगा दीप प्रज्ज्वलन; आसमान में दिखेगा ड्रोन शो

Dev Deepawali Varansi : देव दीपावली के अवसर पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से काशी की धार्मिक परंपरा, आध्यात्मिक विरासत और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
All the ghats of Banaras are seen decorated like brides for Dev Diwali.
देव दिवाली के लिए बनारस के सभी घाट दुल्हन की तरह सजे दिखाई दे रहे हैं सोर्स : नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • चेतसिंह किले पर तीन चरणों में होगा 3D प्रोजेक्शन और लेजर शो

  • ललिता घाट के सामने रेती पर होगी ग्रीन आतिशबाजी

  • आसमान में दस मिनट तक दिखेगा ड्रोन शो

Grand Celebration Dev Deepwali Varanasi : देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में 24 नवंबर को मनाई जाने वाली देव दीपावली को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा के घाटों से लेकर गंगा पार तक दीपों की अद्भुत छटा देखने को मिलेगी। लाखों दीपों की रोशनी से गंगा का तट जगमगाएगा।

इस बार दीप प्रज्ज्वलन के साथ गंगा आरती, चेतसिंह किले पर थ्री-डी प्रोजेक्शन एवं लेजर शो, ड्रोन शो और ग्रीन आतिशबाजी प्रमुख आकर्षण होंगे। आयोजन के लिए प्रशासन की ओर से कार्यक्रमों का समय निर्धारित कर दिया गया है, ताकि श्रद्धालु और पर्यटक अलग-अलग स्थानों पर होने वाले आयोजनों का आनंद ले सकें।

काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत जीवंत होंगी

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शाम 5:15 बजे से 5:45 बजे तक काशी के सभी प्रमुख घाटों के साथ गंगा के उस पार भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। आधे घंटे तक चलने वाले इस आयोजन में गंगा के दोनों तट दीपों की रोशनी से जगमगाते नजर आएंगे। घाटों की सीढ़ियों, मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में दीपों की कतारें काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करेंगी। गंगा की लहरों पर दीपों की प्रतिबिंबित रोशनी इस अद्भुत दृश्य को और आकर्षक बनाएगी।

इसके बाद शाम छह बजे से सात बजे तक सभी प्रमुख घाटों पर मां गंगा की भव्य आरती का आयोजन होगा। एक साथ विभिन्न घाटों पर होने वाली गंगा आरती के दौरान शंखनाद, घंट-घड़ियाल और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा गंगा तट भक्तिमय हो उठेगा। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक इस अलौकिक दृश्य के साक्षी बनेंगे।

तीन चरणों में होगा लेजर शो

देव दीपावली पर चेतसिंह किले को विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र बनाया गया है। यहां थ्री-डी प्रोजेक्शन और लेजर शो का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा। पहला शो शाम 5:45 से 6:10 बजे तक, दूसरा रात 7:20 से 7:45 बजे तक और तीसरा रात 8:30 से 8:55 बजे तक आयोजित होगा।

प्रत्येक शो 25 मिनट का होगा। आधुनिक तकनीक और रोशनी के माध्यम से काशी की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा।

All the ghats of Banaras are seen decorated like brides for Dev Diwali.
एक बाण से भगवान शिव ने किया तीन नगरों का विनाश, ऐसे हुई थी देव दीपावली की शुरुआत, जानें दीपदान का शुभ मुहूर्त

आसमान में दस मिनट तक दिखेगा ड्रोन शो

रात आठ बजे से 8:10 बजे तक ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा। दस मिनट के इस विशेष आयोजन को गंगा के समस्त घाटों से देखा जा सकेगा। आसमान में एक साथ उड़ते ड्रोन के माध्यम से विभिन्न आकृतियां और दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे।

दीपों से सजे घाटों के ऊपर आसमान में होने वाला यह आयोजन देव दीपावली के उत्सव में आधुनिक तकनीक का नया रंग जोड़ेगा।

ग्रीन आतिशबाजी से होगा भव्य समापन

कार्यक्रमों की अंतिम कड़ी में रात 8:30 बजे से 8:40 बजे तक ललिता घाट के सामने गंगा पार रेती पर ग्रीन आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा। दस मिनट तक होने वाली इस आतिशबाजी से गंगा का आसमान रोशनी से सराबोर होगा। घाटों पर मौजूद श्रद्धालु और पर्यटक इस नजारे का आनंद ले सकेंगे।

देव दीपावली के अवसर पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से काशी की धार्मिक परंपरा, आध्यात्मिक विरासत और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। दीप प्रज्ज्वलन से लेकर गंगा आरती, लेजर शो, ड्रोन शो और ग्रीन आतिशबाजी तक पूरा आयोजन निर्धारित समय के अनुसार होगा।

काशी के घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ के बीच यह आयोजन एक बार फिर देव दीपावली को वैश्विक पहचान दिलाने वाला आकर्षण बनेगा।

All the ghats of Banaras are seen decorated like brides for Dev Diwali.
देव दीपावली से पहले एक्शन में वाराणसी नगर निगम, घाटों की सफाई और रोशनी पर फोकस, अफसरों को कड़ी चेतावनी