यूपी में गिरने लगा रात का तापमान, पछुआ से बढ़ी ठंड
लखनऊ में अधिकतम तापमान 30.4 और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज
हवा का रुख बदलने से आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना
Westerly Winds Bring Cold: उत्तर भारत में ठंड का आगाज हो गया है। पछुआ हवाओं ने पश्चिमी और पूर्वी यूपी समेत कई जिले में ठंड बढ़ा दी है। राजधानी लखनऊ में भी सर्दी की दस्तक हो चुकी है। बीते 48 घंटों में रात के तापमान में 5.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि मंगलवार को हवा की सुस्त रफ्तार से धूप के तेवर कुछ तल्ख रहे। हवा में नमी की कमी के चलते कोहरा भी कम हुआ।
इस बारे में जानकारी देते हुए क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आगामी तीन दिन राजधानी के मौसम और तापमान में विशेष परिवर्तन की कोई संभावना नहीं है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले तीन दिन राजधानी के मौसम और तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं है। इसके बाद हवाओं का रुख बदलकर पुरवा हो जाएगा।
इससे तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। राजधानी में मंगलवार को अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री की गिरावट के साथ 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान भी 4.3 डिग्री की गिरावट के साथ 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक के अनुसार उत्तर प्रदेश के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। मंगलवार को प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे गया। बीते दो दिनों में अधिकांश जिलों में रात के पारे में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट आई है। इससे सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास बढ़ गया है।
हालांकि, दिन और रात का तापमान अब नवंबर के मध्य के सामान्य स्तर के आसपास पहुंच गया है। मंगलवार सुबह ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश के दोनों मौसम संभागों पूर्वी और पश्चिमी में हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिला।