सफाई की रेस में यूपी के 3 शहरों का जलवा, देशभर में लखनऊ और काशी टॉप-3 में, गाजियाबाद भी अव्वल

Swachh Survekshan 2025-26: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की रैंकिंग में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में लखनऊ देश में तीसरे नंबर पर रहा। वाराणसी ने स्वच्छ रिवर टाउन की श्रेणी में तीसरा स्थान हासिल किया।
Swachh Survekshan
नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सम्मान प्रदान किया(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में देशभर में लखनऊ का तीसरा स्थान

  • काशी का स्वच्छ रिवर टाउन श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान

  • गाजियाबाद बना यूपी का नंबर-1, 15.5 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का निस्तारण

Uttar Pradesh Cleanest Cities: उत्तर प्रदेश के शहर स्वच्छता के मामले में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की रैंकिंग में प्रदेश के तीन शहरों ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में लखनऊ ने देश में तीसरा स्थान बरकरार रखा है।

वहीं, गाजियाबाद उत्तर प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर बना है। इसके अलावा वाराणसी ने स्वच्छ रिवर टाउन की श्रेणी में देश में तीसरा स्थान हासिल किया है।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को सम्मान प्रदान किया। प्रदेश के इन शहरों की उपलब्धियों को बेहतर सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और लोगों की भागीदारी का परिणाम माना जा रहा है।

Swachh Survekshan
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में कानपुर के वार्ड को प्रदेश में मिला पहला स्थान, देश में नंबर वन आने से एक अंक से चूका

लखनऊ ने देश में तीसरा स्थान बरकरार रखा

10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में लखनऊ ने लगातार अपना तीसरा स्थान बनाए रखा है। शहर में पुराने डंपिंग स्थलों पर जमा 20 से 25 लाख मीट्रिक टन कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है। इससे जमीन को दोबारा इस्तेमाल के लायक बनाया जा रहा है। जैविक कचरे से खाद और आरडीएफ से औद्योगिक ईंधन तैयार किया जा रहा है।

नगर निगम में इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल बढ़ाने और वायु गुणवत्ता सुधारने पर भी जोर दिया गया है। वार्ड स्तर पर पेपर मिल कॉलोनी के वार्ड-70 ने राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक और सामुदायिक अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

गाजियाबाद बना यूपी का सबसे स्वच्छ शहर

गाजियाबाद ने कचरे के बेहतर प्रबंधन और नए प्रयोगों के दम पर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। लोनी, डासना और निडोरी के कचरा प्रसंस्करण प्लांटों की क्षमता दोगुनी करके 3,650 टन प्रतिदिन कर दी गई है। नगर निगम अब तक 15.5 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का निस्तारण कर चुका है।

शहर में 17 मियावाकी फॉरेस्ट विकसित किए गए हैं, जहां 3.43 लाख पौधे लगाए गए हैं। प्लास्टिक से पाइप, बेंच और वर्टिकल गार्डन तैयार किए जा रहे हैं। वहीं, महिला स्वयं सहायता समूह गोबर से रूफटॉप कूलिंग पेंट बना रहे हैं। इस पहल को ब्लूमबर्ग फिलैंथ्रोपीज मेयर्स चैलेंज-2025 में एक मिलियन डॉलर का अनुदान भी मिला है।

वाराणसी ने स्वच्छ रिवर टाउन में बनाई जगह

वाराणसी ने गंगा और घाटों की सफाई के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। शहर के सभी वार्डों में चार डिब्बों के जरिए घरों से अलग-अलग तरह का कचरा इकट्ठा किया जा रहा है। घाटों की सफाई तीन शिफ्टों में होती है। पूजा सामग्री को गंगा में जाने से रोकने के लिए ट्विन बिन और अर्पण कलश लगाए गए हैं।

नदी में तैरते कचरे को हटाने के लिए ट्रैश स्किमर मशीनों और नावों का इस्तेमाल किया जा रहा है। घरों से कूड़ा उठाने की व्यवस्था पर नजर रखने के लिए अधिकारियों को फील्ड वेरिफिकेशन की जिम्मेदारी भी दी गई है।

एके शर्मा बोले- सामूहिक प्रयासों का नतीजा

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रदेश के शहरों की उपलब्धियों पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल से पश्चिमांचल तक यूपी के शहर स्वच्छता, सुंदरता और बेहतर नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में नई पहचान बना रहे हैं। यह उपलब्धि सफाई मित्रों, नगर निगमों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मेहनत का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन के जरिए स्वच्छता को जनआंदोलन बनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

इस अवसर पर लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद, सचिव एवं निदेशक नगरीय निकाय अनुज कुमार झा, नगर आयुक्त गौरव कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Swachh Survekshan
काशी में मेट्रो चलाएंगे, वरुणा नदी को बनाएंगे स्वच्छ; अखिलेश ने मणिकर्णिका और दालमंडी पर सरकार को घेरा