

मैराथन के विजेता को मिलेंगे दो-दो लाख रुपये
42.195 किमी की होगी मुख्य स्पर्धा
19 नवंबर की सुबह 6:30 बजे होगा आगाज
मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में होगा दौड़ का समापन
Prayagraj Indira Marathon Hosting Runners: संगमनगरी एक बार फिर देशभर के लंबी दूरी के धावकों की मेजबानी करने जा रही है। 19 नवंबर को 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन का आयोजन होगा।
ऐतिहासिक आनंद भवन से सुबह 6:30 बजे दौड़ की शुरुआत होगी। इसमें देश और प्रदेश के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के धावक अपनी क्षमता और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता में फुल मैराथन के साथ हाफ मैराथन भी आयोजित की जाएगी। दोनों स्पर्धाओं में महिला और पुरुष वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में क्षेत्रीय खेल कार्यालय और प्रयागराज जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
फुल मैराथन की दूरी 42.195 किलोमीटर निर्धारित की गई है, जबकि हाफ मैराथन में धावकों को 21.097 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी।
आनंद भवन से शुरू होने वाली दौड़ शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में समाप्त होगी।
प्रतियोगिता की सबसे बड़ी आकर्षण फुल मैराथन की पुरस्कार राशि है। महिला और पुरुष दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल करने वाले धावक को दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे।
दूसरे स्थान पर रहने वाले को एक-एक लाख और तीसरे स्थान के विजेता को 75-75 हजार रुपये मिलेंगे।
इसके अलावा प्रत्येक वर्ग में 11 सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। इनके तहत चयनित खिलाड़ियों को 10-10 हजार रुपये की राशि मिलेगी।
21.097 किलोमीटर की हाफ मैराथन में प्रथम स्थान पाने वाले खिलाड़ी को 51 हजार, द्वितीय को 21 हजार और तृतीय स्थान हासिल करने वाले को 11 हजार रुपये दिए जाएंगे।
प्रत्येक वर्ग में तीन सांत्वना पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं। इनके तहत खिलाड़ियों को 5100-5100 रुपये मिलेंगे।
प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी शिव कुमार यादव ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं।
विभिन्न मार्गों से गुजरने के बाद मैराथन मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में संपन्न होगी। विजेता खिलाड़ियों को उसी दिन अपराह्न 2:30 बजे स्टेडियम में आयोजित समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।