

सीएम योगी ने NSG-UP पुलिस के संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया उद्घाटन
इसका उद्देश्य आतंकवाद-रोधी तैयारियों और परिचालन दक्षता को मजबूत करना
पहल से विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय होगा स्थापित
UP Police Capacity Building Program: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ पुलिस लाइन में बुधवार को नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) और यूपी पुलिस के व्यापक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में सीएम योगी ने बेहतर पुलिसिंग और एनएसजी कमांडो की बेहतर कार्यशैली को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया गया। इस दौरान उन्होंने कमांडो को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
सीएम योगी ने कमांडोज द्वारा आतंकरोधी अभियानों, वीआईपी सुरक्षा, बम विस्फोट से बचाव समेत विभिन्न हैरतअंगेज प्रदर्शनों का भी अवलोकन किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को भी एनएसजी कमांडो के लाइव मॉक ड्रिल और डेमोस्ट्रेशन के साथ-साथ उनके विशेष कौशल का प्रदर्शन देखने का भी अवसर मिला।
सीएम ने विश्वास जताया कि एनएसजी व यूपी पुलिस का साझा प्रयास देश की आंतरिक सुरक्षा को नई शक्ति व दिशा प्रदान करेगा। योगी सरकार के लिए पुलिस का आधुनिकीकरण और क्षमता निर्माण प्राथमिकता पर है। एनएसजी के साथ प्रशिक्षण से यूपी पुलिस और मजबूत होगी।
इस दौरान अपने संबोधन में सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश की पुलिसिंग कार्यशैली में आये बदलाव की चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में रूल ऑफ लॉ है। इसे सुनिश्चित करने के लिए हमने यूपी पुलिस के पूरे इकोसिस्टम को मजबूत किया है।
सीएम बोले कि हमने महिला सुरक्षा और जनविश्वास को पुलिसिंग के केंद्र में रखा है। आज प्रदेश Lawless Land से Land of Law बन गया है। यूपी का लॉ एंड ऑर्डर एक मॉडल के रूप में आज अपनी पहचान स्थापित कर चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी ATS ने अपनी समर्पित महिला कमांडो टीम को SPOT (Special Police Operations Team) का अभिन्न हिस्सा बनाया है। यह उस भारत की हुंकार है, जहां बेटियां अब किसी की मोहताज नहीं, अपितु दुश्मन के छक्के छुड़ाने वाली साक्षात रणचंडी का स्वरूप हैं।
आज पूरे प्रदेश में एटीएस (ATS) की 21 फील्ड यूनिट्स तैनात हैं। वर्ष 2017 के बाद इंडो-नेपाल बॉर्डर, नक्सल प्रभावित जनपदों सोनभद्र, चंदौली और मीरजापुर सहित आस्था के प्रमुख केंद्रों अयोध्या, प्रयागराज, श्रावस्ती, बहराइच, सिद्धार्थनगर, संभल, नोएडा, लखनऊ, लखीमपुर खीरी और झांसी में 10 नई फील्ड यूनिट्स स्थापित कर हमने सुरक्षा का एक अभेद्य किला तैयार किया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सेना सीमा पर ऑपरेशन और पुलिस-एटीएस-एनएसजी देश के भीतर आतंकी साजिश व गद्दार की कमर तोड़ती है। हमारा लक्ष्य भविष्य की हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार रहना है। ऐसी सुरक्षा व्यवस्था विकसित करनी है, जो तकनीक में आधुनिक, रणनीति में अचूक, समन्वय में मजबूत और कार्रवाई से निर्णायक हो। सुरक्षित भारत ही समर्थ भारत की नींव है।
इस दौरान अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, एनएसजी के महानिदेशक भृगु श्रीनिवासन, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश, एनएसजी के आईजी (ऑपरेशन) मेजर जनरल मुकेश भनवाला, आईजी (एटीएस) प्रेम गौतम आदि मौजूद रहे।