

हजरतगंज में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सपा का प्रदर्शन
इस्तीफे की मांग को लेकर लगाए 'वोट चोर गद्दी छोड़' के नारे
मतदाता सूची में गड़बड़ी का लगाया आरोप
Lucknow Samajwadi Party Protest: लखनऊ में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। रविवार को हजरतगंज चौराहे पर जुटे सपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
कार्यकर्ताओं के हाथों में पोस्टर थे, जिन पर लिखा था- गुस्से में है सारा देश, इस्तीफा दे दो ज्ञानेश। इस दौरान 'वोट चोर गद्दी छोड़' के नारे भी लगाए गए।
प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और उन्हें ईको गार्डन भेज दिया।
लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन से पहले उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर 1 नवंबर 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र किया और कांग्रेस के साथ सपा के गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव पर सवाल उठाए।
राजभर ने अपने पोस्ट में लिखा कि आज ही के दिन 1984 में दिल्ली और देश के दूसरे हिस्सों में बड़े पैमाने पर सिख विरोधी हिंसा हुई थी। उन्होंने इस घटना के लिए कांग्रेस नेताओं को जिम्मेदार ठहराते हुए सिख समाज के प्रति संवेदना भी जताई।
राजभर का दावा है कि मुलायम सिंह इस दिन को शोक के रूप में मनाते थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव अपनी संवेदनाएं भूलकर दिल्ली में अपने 'बड़के भइया' की सेवा में पहुंच गए।
रिपोर्ट- ईशांक दीक्षित