खाद के लिए लगाई लाइन...लेकिन मिली पुलिस की लाठियां, लखीमपुर से आया बर्बर VIDEO

Lakhimpur-Kheri Viral Video: यूपी के लखीमपुर खीरी में दो दिन से लाइन में लगे नाराज किसानों ने खाद न मिलने से हंगामा कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने उन पर लाठियां बरसा दीं। इस घटना का एक वीडियो आया है।
Lakhimpur-Kheri Viral Video
वायरल वीडियो स्क्रीन ग्रैब (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Lakhimpur-Kheri Viral Video: उत्तर प्रदेश में यूरिया खाद की किल्लत से किसान हताश, निराश और परेशान हैं। लंबी-लंबी कतारों में वह खाद के लिए इंतजार कर रहे हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में दो दिन से लाइन में लगे नाराज किसानों ने खाद न मिलने से हंगामा कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने उन पर लाठियां बरसा दीं। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।

विकासखंड बेहजम की भदूरा समिति में बुधवार को उस समय हंगामा मच गया जब दो दिन से खाद न मिलने से नाराज किसानों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। किसानों का आरोप था कि कतार में खड़े आम किसानों को खाद नहीं मिलती, जबकि रसूखदार और बड़े किसानों को ट्रॉलियों में भर-भर कर खाद दी जाती है।

किसानों पर पुलिस ने बरसाईं लाठियां

जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू करने के लिए लाठियां बरसा दीं। जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि सिपाही एक युवक को डंडे से पीट रहे हैं। जबकि, एक अधेड़ महिला को भी पकड़े हुए हैं।

सामने आया खीरी पुलिस का बयान

इस वीडियो पर लखीमपुर खीरी पुलिस का बयान भी सामने आया है जिसमें कहा गया है कि 16 जुलाई को थाना क्षेत्र फरधान के ग्राम भदूरा में, काफी संख्या लोग आकर अचानक लखीमपुर मोहम्मदी रोड जाम कर दिये।

पुलिस द्वारा मौके पर जाकर रोड खाली करने को कहा गया तो लोग आक्रामक हो गए। जिसके बाद पुलिस ने सख्ती करते हुए रोड को खाली कराया और यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया गया। वीडियो को संज्ञान में लेते हुए क्षेत्राधिकारी सदर को जांच के निर्देश दिए गए हैं।

खाद की कोई कमी नहीं है: सूर्य प्रताप शाही

आपको बता दें कि बीते कल ही यानी बुधवार को प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही जिले के दौरे पर पहुंचे थे। यहां उन्होंने उन्होंने मीडिया के सामने दावा किया था कि “जनपद में खाद की कोई कमी नहीं है।” उन्होंने यह भी बताया था कि जिले को 10 लाख मीट्रिक टन यानी 25 लाख बोरी यूरिया भेजी गई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com