कौशांबी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट: पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, मुख्य आरोपी नौशाद मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Firecracker Factory Blast: कौशांबी पटाखा फैक्ट्री धमाके के मामले में पुलिस ने आरोपी नौशाद को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगी, जबकि अवैध तमंचा बरामद हुआ।
Kaushambi Firecracker Factory Blast
कौशांबी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट का मुख्य आरोपी गिरफ्तार(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Kaushambi Firecracker Factory Blast: कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी नौशाद को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में नौशाद के पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 4 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट का आरोपी नौशाद तेरह मील गांव के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस का कहना है कि नौशाद वहां से भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस टीम ने उसे रुकने के लिए कहा, लेकिन उसने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली नौशाद के पैर में लगी और उसे मौके से पकड़ लिया गया।

तमंचा और कारतूस बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद करने का दावा किया है। गोली लगने के बाद नौशाद को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में नौशाद की क्या भूमिका थी। साथ ही, इस मामले से जुड़े दूसरे लोगों और घटना के बाकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

लापरवाही पर पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई 

कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के मामले में पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की गई है। अवैध पटाखा फैक्ट्री और विस्फोटक सामग्री के भंडारण की जानकारी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं करने के आरोप में पिपरी थाना प्रभारी विकास सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके अलावा चायल चौकी प्रभारी अमित द्विवेदी और पूर्व चौकी प्रभारी मनीष पाल को भी लाइन हाजिर किया गया है। वहीं बीट आरक्षी जितेंद्र कुमार और कृष्ण कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

ब्लास्ट में 11 लोगों की मौत

सोमवार को पिपरी थाना क्षेत्र के महमूदपुर मनौरी कस्बे में एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के बाद जोरदार धमाका हुआ था। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे में कई मकान पूरी तरह मलबे में बदल गए, जबकि आसपास के घरों को भी भारी नुकसान पहुंचा। इस दर्दनाक हादसे में बच्चों और महिलाओं समेत अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है।

Kaushambi Firecracker Factory Blast
UP के कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 2 KM तक गूंजे धमाके, 5 की मौत, कई झुलसे

मामले में कौशांबी पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। FIR में नौशाद, शकील, उसके बेटे आदिल, पत्नी शबाना, कहकशा और बेटी शाइना को नामजद किया गया है। शबाना और शाइना को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com