

Kanpur Maharajpur Woman Death: महाराजपुर थाना क्षेत्र के लालूपुर गांव में शनिवार शाम करीब पांच बजे एक महिला का शव ससुराल में घर के अंदर फंदे से लटका मिला था। मामले में पोस्टमार्टम के बाद मायके वालों ने रविवार शाम हाईवे पर शव रखकर हंगामा किया। इस दौरान वाहनों में तोड़फोड़ की। फिर यहां पहुंची पुलिस पर भी पथराव हो गया। घटना में चकेरी और महाराजपुर थाना प्रभारी समेत एक दर्जन पुलिसकर्मी घायल हुए। साथ ही राहगीर भी चपेट में आ गए।
जाना शेखपुर गांव निवासी 32 वर्षीय माला की शादी करीब आठ वर्ष पहले महाराजपुर थाना क्षेत्र के लालूखेड़ा गांव निवासी मुन्ना निषाद से हुई थी। माला के दो बच्चे, बेटा रुद्र और बेटी वैष्णणी हैं। स्वजनों के अनुसार शनिवार दोपहर माला की तबीयत खराब होने पर ताऊ के बेटे शनि उसे दवा दिलाने के बाद करीब तीन बजे ससुराल छोड़कर आया था। शनि के मुताबिक इसके करीब एक घंटे बाद उसके बहनोई मुन्ना ने फोन कर बताया कि माला ने फंदा लगा लिया है। इसके स्वजन आनन-फानन लालूपुर गांव पहुंचे। जहां घर के अंदर माला का शव फंदे से लटका मिला था।
रविवार को मायके पक्ष के लोग कार्रवाई की मांग करते हुए चकेरी एयरपोर्ट जाने वाले हाईवे को जाम कर दिया। जब पुलिस अधिकारियों ने उनको समझाया तो भीड़ भड़क गई और हंगामा करने लगी। देखते ही पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया।पथराव में दो थाना प्रभारी समेत एक दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए
साथी पुलिसकर्मियों के घायल होते ही घटनास्थल पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने भी बल प्रयोग करते हुए हंगामा करने वालों को खदेड़ा। इस दौरान हंगामा करने वालों ने कई वाहन तोड़े। कुछ महिलाओं और बावलियों को भी हिरासत में लिया गया है।
हंगामा बढ़ता देख मौके पर एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह के अलावा एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह भी पहुंचे।मामले में डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता का कहना है कि मृतका के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है तथा हंगामा और पथराव करने वालो के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है।साथ ही फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार किया जाएगा। घटना में चकेरी इंस्पेक्टर अजय प्रकाश मिश्र, महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह और अहिरवां चौकी प्रभारी जयवीर घायल इसके अलावा क़ई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं ।