

Highlights:
कानपुर पुलिस ने काजल उर्फ रानी को किया गिरफ्तार
महिला के पास से 7,190 रुपये और छह पर्चियां बरामद
बाजार के उतार-चढ़ाव से जुड़े अंकों पर लगवाए जाते थे रुपये
पुलिस ने मैक्रोबर्टगंज के हाता नंबर 2 में टट्टर के पास दी दबिश
Stock Market Betting Kanpur: कानपुर पुलिस ने शेयर मार्केट के उतार-चढ़ाव पर सट्टा खिला रही महिला को मुखबिर की सटीक सूचना पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। शेयर मार्केट में अंको पर सट्टा लगाया जा रहा था। गिरफ्तार की गई महिला के पास से सट्टा खिलाने वाली पर्चियां बरामद हुई हैं।
कानपुर कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन की कर्नलगंज थाने की पुलिस को मुखबिर ने सार्वजनिक स्थान पर शेयर मार्केट के अंकों पर सट्टा खिलाए जाने की सूचना दी थी। मुखबिर ने सूचना देते हुए कहा था कि अगर समय पर दबिश दी जाए तो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सकता है ।जिसके बाद उपनिरीक्षक दिनेश कुमार मौर्य और कांस्टेबल ज्योति गुप्ता की टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर हाता नंबर दो में टट्टर के पास में मैक्रोबर्टगंज में दबिश दी।
इस दौरान सट्टा खिला रही महिला काजल उर्फ रानी को पुलिस ने मौके से हिरासत में ले लिया। वहीं जब महिला कांस्टेबल ने हिरासत में ली गई महिला काजल उर्फ रानी की तलाशी ली तो महिला के पास से 6 पर्चियां व एक डलिया में रखे 7190 रुपए बरामद हुए। इन पर्चियां में अंक और उनके सामने रुपए लिखे हुए थे। इसके बाद हिरासत में ली गई महिला पुलिसकर्मियों से माफी मांगने लगी। उसने कहा मैडम गलती हो गई वह शेयर मार्केट के उछलने व गिरने के नंबरों से सट्टा खिलवाती है और इन्हीं पर्चियां के माध्यम से सट्टा खिलाया जाता है।
जिसको जिस अंक पर रुपए लगाने होते हैं वह अंक और उसके सामने रुपए लिखकर पर्ची में दे देता है। बाजार बंद होने के समय यदि वह अंक आया होता है तो उसके अनुसार उसको जीती हुई रकम दी जाती है। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने महिला को गिरफ्तार कर लिया और ई साक्ष्य एप के माध्यम से उसके पूरे बयान की वीडियो ग्राफी कर ली।
जिस जगह से सट्टा खिला रही महिला काजल उर्फ रानी को गिरफ्तार किया गया। वह जगह कर्नलगंज थाने से महज चंद कदम की दूरी पर है। ऐसे में पुलिस की कार्यशैली पर भी सवालिया निशान खड़े हो जाते हैं कि आखिर शेयर बाजार के उतार चढ़ाव के अंकों पर सट्टा खिला रही महिला थाने से चंद कदम की दूरी पर ही सार्वजनिक स्थान पर खुलेआम सट्टे का कारोबार कर रही थी।
ऐसे में पुलिस को इसकी सूचना पहले से क्यों नहीं लगी मुखबिर की सूचना के चलते पुलिस ने गिरफ्तार तो कर लिया, लेकिन जिस तरह से थाने से चंद कदम की दूरी पर महिला का बेख़ौफ़ होकर सट्टा खिलाना पुलिस की लचर कार्यशैली प्रदर्शित कर रहा है। डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। जल्द ही इस पूरे सिंडिकेट को गिरफ्तार किया जाएगा। सेंट्रल जोन में कहीं भी अवैध रूप से सट्टे का कारोबार फलने फूलने नहीं दिया जाएगा।