कानपुर में तेंदुए का खौफ, 12 गांवों के 30 हजार लोग घरों में कैद, ड्रोन से 24 घंटे निगरानी

Kanpur Leopard Rescue Operation: कानपुर में तेंदुए की दहशत बढ़ती जा रही है। करणखेड़ा गांव में तेंदुए के हमले में 9 ग्रामीणों के घायल होने के बाद वन विभाग ने उसे पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया है।
Kanpur Leopard Rescue Operation
कानपुर में तेंदुए का रेस्क्यू ऑपरेशन (सोर्स- नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • कानपुर में तेंदुए को पकड़ने के लिए 22 सदस्यों की टीम तैनात

  • ड्रोन और नाइट विजन कैमरों से 24 घंटे निगरानी

  • तेंदुए की दहशत से 12 गांवों के 30 हजार से ज्यादा लोग परेशान

Kanpur Leopard Attack: कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र में तेंदुए की दहशत बढ़ती जा रही है। करणखेड़ा गांव में तेंदुए के हमले में 9 ग्रामीणों के घायल होने के बाद वन विभाग ने उसे पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को कांबिंग के दौरान कई जगह तेंदुए के ताजा पैरों के निशान मिले। इसके बाद वन विभाग की टीम ने प्रभावित इलाकों में निगरानी और तलाशी अभियान बढ़ा दिया है।

तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए गए हैं। साथ ही ड्रोन, नाइट विजन कैमरों और रैपिड रिस्पांस टीम की मदद से 24 घंटे नजर रखी जा रही है। वन विभाग की टीम ट्रेंकुलाइजिंग गन के साथ भी तैयार है। तेंदुए की दहशत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आसपास के 12 गांवों में 30 हजार से ज्यादा की आबादी शाम होते ही घरों में कैद हो जा रही है।

Kanpur Leopard Rescue Operation
कानपुर में सरसों के खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक किया हमला, 9 लोग घायल, वन विभाग की टीम तलाशी में जुटी

पिंजरों में बकरी की जगह बांधे गए कुत्ते

वन विभाग की टीम ने बुधवार देर शाम प्रभावित इलाकों में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगवाए। इस बार पिंजरों में बकरी की जगह कुत्तों को चारे के तौर पर बांधा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, पहले कई बार बकरी बांधने के बावजूद तेंदुआ पिंजरे तक नहीं पहुंचा था।

बुधवार को कांबिंग के दौरान तेंदुए के ताजा पैरों के निशान मिले। इसके अलावा हमले वाली जगह से कुछ दूरी पर नीलगाय का एक बच्चा मृत अवस्था में मिला। इन घटनाओं के बाद वन विभाग ने अभियान और तेज कर दिया।

ड्रोन और नाइट विजन कैमरों से निगरानी

कानपुर के पूरे प्रभावित क्षेत्र में ड्रोन से लगातार नजर रखी जा रही है। इसके लिए 22 सदस्यों की रैपिड रिस्पांस टीम बनाई गई है। टीम तीन पालियों में आठ-आठ घंटे ड्यूटी करेगी, ताकि इलाके की 24 घंटे निगरानी हो सके।

प्रभावित क्षेत्र में टैपिंग केज और चार नाइट विजन कैमरा ट्रैप भी लगाए गए हैं। इनकी मदद से रात में भी तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। वन विभाग की टीम लगातार कांबिंग कर रही है। अगर तेंदुआ पिंजरे में नहीं आता है तो उसे बेहोश करने के लिए ट्रेंकुलाइजिंग गन का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए टीम तैयार है।

डीएफओ बोलीं- तेंदुए को पकड़ने के हर संभव प्रयास

डीएफओ आकांक्षा जैन ने बताया कि 24 नवंबर को तेंदुए के हमले की सूचना मिली थी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से जानकारी ली। घायलों का उपचार भी कराया गया।

उन्होंने बताया कि बुधवार को कांबिंग के दौरान क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधि के संकेत मिले। इसके बाद 22 सदस्यों की टीम बनाकर तीन पालियों में ड्यूटी लगाई गई है। पहली पाली सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक, दूसरी दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक और तीसरी रात 9 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक रहेगी। इसके अलावा कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की पूर्णकालिक तैनाती भी की गई है।

30 हजार से ज्यादा लोग घरों में कैद

तेंदुए की दहशत के चलते 12 गांवों के 30 हजार से ज्यादा लोग परेशान हैं। शाम होते ही लोग घरों में कैद हो जा रहे हैं। ग्रामीण अपने मवेशियों की सुरक्षा के लिए समूह बनाकर हाथों में डंडे लेकर पहरा दे रहे हैं।

ग्रामीणों को परिवार के साथ-साथ मवेशियों की भी चिंता सता रही है। उन्हें डर है कि तेंदुआ मवेशियों को निशाना बना सकता है। वन विभाग की सलाह पर ग्रामीण रात में पहरा देते समय तेज आवाज में बात करते हैं और गाने बजाते हैं।

लोगों ने बच्चों को घरों में ही रखना शुरू कर दिया है। घरों के आसपास बचा हुआ भोजन फेंकना बंद कर दिया है, ताकि तेंदुआ खाने की तलाश में आबादी की ओर न आए। पालतू कुत्तों को भी घरों के बाहर नहीं बांधा जा रहा है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि तेंदुआ दिखाई देने पर उसका पीछा न करें। डर या घबराहट में वह हमला कर सकता है।

Kanpur Leopard Rescue Operation
कानपुर चिड़ियाघर में एक के बाद एक मौतें, 6 काले हिरण, जेब्रा के बाद तेंदुए की गई जान