

Kanpur Congress Protest Satish Mahana: कानपुर में आज कांग्रेस ग्रामीण इकाई के तत्वावधान में गांधी प्रतिमा, फूलबाग मैदान पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के बयान और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात रहा ।
यह प्रदर्शन अयोध्या में राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के बयान के विरोध में किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और भाजपा शासन की तुलना अंग्रेजी शासन काल से की ।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम और राष्ट्रीय सचिव जगदीश चन्द्र जांगिड़ भी धरने में शामिल हुए । राजेन्द्र पाल गौतम ने विधानसभा अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने कैसे कह दिया कि जिन्होंने मन से चढ़ावा नहीं दिया उनका चढ़ावा चोरी हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार बयानों और संविधान विरोधी कामों के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर झूठे मुकदमे दर्ज करा रही है ।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि यदि सतीश महाना झूठे मुकदमे लगवाकर कांग्रेसियों की आवाज दबाने का प्रयास करेंगे तो उन्हें याद रखना चाहिए कि कांग्रेसियों ने अंग्रेजों के सामने घुटने नहीं टेके और उनका शासन उखाड़ फेंका। उसी तरह भाजपा के शासन को भी कांग्रेसी जन उखाड़ फेंकेंगे।
आर्टिकल 19 के तहत अपनी बात कहने के अधिकार का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान की हत्या कर रही है और फर्जी मुकदमों से आवाज दबाने का काम कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधान सभा अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार की तुलना अंग्रेजी शासन काल से करते दिखे ।