

Highlights:
3 साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या
आक्रोशित लोगों ने सीओ समेत पुलिस की कई गाड़ियों पर किया पथराव
आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
Hamirpur Girl Rape And Murder Case: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 3 साल की मासूम के साथ हैवानियत की गई। आरोपी ने 3 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म करने के बाद गला घोटकर उसकी निर्मम हत्या कर दी।आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सीओ समेत पुलिस टीम की कई गाड़ियों पर पथराव कर दिया, जिससे भारी तनाव फैल गया और कई थानों का फोर्स गांव में तैनात करना पड़ा।
3 वर्षीय मासूम का शव गहरौली रोड पर मुस्कुरा कस्बे में मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने गांव के ही अपने पड़ोसी पर दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू की और परिजनों को समझाने का प्रयास किया तो परिजन भड़क गए।
परिजनों ने बताया कि रविवार दोपहर में बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान अचानक गायब हो गई। शाम 4:00 बजे से बच्ची के पिता ने बच्ची को ढूंढने का प्रयास किया तो गांव वाले भी बच्ची को ढूंढने लगे। इस दौरान आरोपी भी बच्ची को ढूंढने में परिजनों के साथ शामिल रहा और लगातार गुमराह करता रहा। तभी बच्ची के पिता को आरोपी पर शक हुआ और उसे पकड़ लिया। इसके बाद रात 8:00 बजे आरोपी को हिरासत में ले लिया गया और बच्ची का शव बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू की, इसी दौरान पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीण भड़क गए और उन्होंने सीओ समेत पुलिस टीम के आधा दर्जन से ज्यादा वाहनों पर पथराव कर तोड़फोड़ कर दी।
मौके पर पहुंचे एसपी हमीरपुर के समझाने पर परिजन शांत हुए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों का आरोप था कि बच्ची के गायब होने की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई थी लेकिन स्थानीय पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी।
रविवार देर रात ही पुलिस ने आरोपी हीरालाल को हिरासत में ले लिया था और उसके बाद गिरफ्तार कर लिया था। सोमवार सुबह 6:00 बजे पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और अन्य साक्ष्य जुटाने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपी ने खेत में पहले से ही छुपा रखे तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर भागने की कोशिश की। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी जिसके बाद पुलिस कंधे पर टांग कर आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा ने जानकारी दी कि आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ हुई है। आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत है, आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।