Jhansi: शौक पूरे करने और गिरवी रखा मोबाइल छुड़ाने के लिए की चोरी, बरुआसागर पुलिस ने दबोचा

Jhansi Crime News: बरुआसागर स्थित मंसिल माता मंदिर मेले में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, दो बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया। चोरी की तीन बाइक बरामद।
Jhansi News: Four Arrested in Mansil Mata Temple Bike Theft Case, Three Motorcycles Recovered
गिरफ्तार आरोपी(सोर्स- नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Jhansi Bike Theft Case: झांसी के बरुआसागर थाना क्षेत्र स्थित मंसिल माता मंदिर में आयोजित मेले के दौरान श्रद्धालुओं की मोटरसाइकिलें चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है, पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं,

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने शौक पूरे करने और मोबाइल छुड़ाने के लिए बाइक चोरी की वारदातों में शामिल हुए थे।

पुलिस के अनुसार, मंसिल माता मंदिर में 11 से 20 अक्टूबर तक आयोजित महोत्सव के दौरान अलग-अलग तारीखों में श्रद्धालुओं की तीन मोटरसाइकिलें चोरी हो गई थीं। पीड़ितों की शिकायत पर बरुआसागर थाने में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। मामलों की जांच के लिए पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही वाहन चोरी की घटनाओं में पहले संलिप्त रहे अपराधियों का सत्यापन किया गया।

Jhansi News: Four Arrested in Mansil Mata Temple Bike Theft Case, Three Motorcycles Recovered
झांसी: होटल के गेट पर खड़ी नवविवाहिता 5 सेकेंड में गिरी, मौत, CCTV सामने आया; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर 24 अक्टूबर की रात पुलिस टीम ने अंजनी माता मंदिर रोड से जंगल की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर ग्राम बनगुवां के पास कार्रवाई की, यहां से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 16 और 17 वर्ष के दो बाल अपचारियों को संरक्षणात्मक अभिरक्षा में लिया गया।

तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें हीरो होंडा पैशन प्लस (UP 93 L 5293), हीरो एचएफ डीलक्स (UP 93 BK 4283) और होंडा शाइन (MP 36 ME 9917) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, तीनों मोटरसाइकिलें मंसिल माता मंदिर में आयोजित मेले के दौरान चोरी हुई थीं।

Jhansi News: Four Arrested in Mansil Mata Temple Bike Theft Case, Three Motorcycles Recovered
लखनऊ में ट्रिपल मर्डर से मचा हड़कंप; चबूतरा बनाने को लेकर खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ फायरिंग में तीन लोगों की मौत

गिरवी फोन छुड़ाने के लिए की चोरी

बरुआसागर थानाध्यक्ष प्रकाश सिंह के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। पूछताछ में सामने आया कि एक आरोपी नया मोबाइल फोन खरीदना चाहता था, जबकि दूसरे आरोपी का मोबाइल गिरवी रखा हुआ था। उसे छुड़ाने के लिए वह भी चोरी की वारदात में शामिल हो गया।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा उर्फ कासिम खान (20), असफाक (23), एहसान अली (36) और प्रदीप कुशवाहा (23) के रूप में हुई है। सभी बरुआसागर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। इनके साथ दो नाबालिगों को भी संरक्षणात्मक अभिरक्षा में लिया गया है।

क्षेत्राधिकारी टहरौली रक्षपाल सिंह ने बताया कि मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में चार आरोपियों की गिरफ्तारी और दो बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लेने की कार्रवाई की गई है। बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट- आकाश साहू

Navbharat Live
navbharatlive.com