सहारनपुर में कुदरत का तांडव, कब्र से बाहर निकल गए मुर्दे, देखें खौफनाक VIDEO

Saharanpur Rain: मूसलाधार बारिश से सहारनपुर में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। कब्रिस्तान में कब्रें क्षतिग्रस्त होने से शव बाहर आ गए, यमुना नदी में कार बहने से दो लोगों की मौत हो गई।
Heavy rain in Saharanpur graves damaged Two people died due to rain
सहारनपुर में बारिश से कब्र से बाहर आए शव (सोर्स- AI)
Published on
Updated on

UP Rain Alert: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। जिले के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। तेज बारिश के कारण एक ओर कब्रिस्तान में कई कब्रें क्षतिग्रस्त होकर बह गईं और शव बाहर आ गए। वहीं, दूसरी ओर यमुना नदी में कार बह जाने से दो पत्थर ठेकेदारों की दर्दनाक मौत हो गई। इसके अलावा मां शाकुंभरी देवी मंदिर परिसर में अचानक सैलाब आने से श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। कई ग्रामीण क्षेत्रों में नदियां उफान पर हैं, खेत जलमग्न हो गए हैं और सड़क संपर्क भी प्रभावित हुआ है।

कब्रिस्तान में बह गईं कब्रें, शव आए बाहर

देहरादून-दिल्ली हाईवे स्थित सैय्यद माजरा गांव के कब्रिस्तान में लगातार बारिश के कारण मिट्टी का कटाव होने से कई कब्रें क्षतिग्रस्त हो गईं। तेज बहाव के चलते कुछ शव कब्रों से बाहर आ गए। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। समाजसेवी आशु और पाशा सहित स्थानीय लोगों ने धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए सभी शवों को दोबारा सम्मानपूर्वक सुपुर्द-ए-खाक कराया।

यमुना नदी में समाई कार, दो ठेकेदारों की मौत

सहारनपुर के सरसावा क्षेत्र के मंधोर स्थित पोभारी जंगल में शुक्रवार रात बड़ा हादसा हो गया। हरियाणा सरकार की ओर से यमुना नदी के कटाव रोकने के लिए चल रहे कार्य के दौरान तीन पत्थर ठेकेदार अपनी कार में तटबंध पर बैठे थे। अचानक भारी बारिश के बीच तटबंध धंस गया और कार सीधे यमुना नदी में जा गिरी। ग्रामीणों और मजदूरों ने तीनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो ठेकेदारों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल का इलाज जारी है।

शाकुंभरी मंदिर परिसर में अचानक आया सैलाब

शिवालिक क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मां शाकुंभरी देवी मंदिर परिसर में अचानक तेज पानी का बहाव आ गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि नदी का जलस्तर सामान्य होने तक मंदिर की ओर न जाएं और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

बारिश का असर खेती पर भी साफ दिखाई दे रहा है। जिले के कई गांवों में खेत और खलिहान जलमग्न हो गए हैं। छुटमलपुर-नौशरहेड़ी मार्ग, इब्राहिमपुर समेत कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com