यूपी के हमीरपुर में बड़ा सड़क हादसा, वैन-ट्रक की भिड़ंत में चार बारातियों की दर्दनाक मौत, तीन गंभीर

UP Road Accident: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा नेशनल हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ट्रक और वैन की टक्कर में चार बारातियों की मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं।
hamirpur road accident
प्रतीकात्मक फोटो, सोर्स-सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Hamirpur Road Accident: यूपी के हमीरपुर में शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। शादी के माहौल के बीच गांव में ऐसी खबर आई जिसने सबको झकझोरकर रख दिया। एक सड़क हादसे ने पूरे गांव की खुशियों पर पानी फेर दिया। जानिए कैसे हुआ ये हादसा।

हमीरपुर में देर रात बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। एनएच-34 पर छिरका के पास एक ट्रक और वैन की जोरदार भिड़ंत हो गई। वैन में सात लोग सवार बताए जा रहे थे, जिनमें से चार लोगों की मौत हो गई। तीन लोग गंभीर हालत में अस्पताल में एडमिट किए गए हैं।

जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के डामर गांव से महोबा के लिए एक बारात निकली थी। इसी बारात में शामिल होने के लिए ये सभी लोग जा रहे थे। जैसे ही वैन छिरका पहुंची, सामने से आ रही ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि वैन पूरी तरह नष्ट हो गई। वैन में सवार 3 लोगों को गंभीर चोटें आईं और चार लोगों की मौत हो गई।

4 लोगों की दर्दनाक मौत

देर रात हुए इस हादसे में जान गंवाने वाले चार लोग अलग-अलग जगहों के रहने वाले हैं। इस हादसे में मोहन, आशीष, कमलेश और एक अन्य व्यक्ति की जान चली गई। मामले की जानकारी होते ही पुलिसबल मौके पर पहुंचा और आस-पास के लोगों की मदद के घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया। शुरुआती इलाज के बाद सभी को जिला अस्पताल भेजा गया है। सभी मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी

जैसे ही हादसे की सूचना मिली, हमीरपुर पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। तहसीलदार शिखर मिश्रा और नायब तहसीलदार के साथ पुलिस के सभी अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने बताया कि मौदाहा में एक ट्रक ने सात लोगों को ले जा रही गाड़ी को टक्कर मार दी। ये सभी लोग हमीरपुर जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे और महोबा में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई।

हमें एक ट्रक और वैन की टक्कर की जानकारी मिली। सात में से चार लोगों की जान जा चुकी है जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं। ट्रक को सीज कर लिया गया है और उसके चालक को भी हिरासत में ले लिया गया है। जल्द ही मामले में कार्रवाई की जाएगी। - एसपी, मृगांक शेखर, हमीरपुर

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com