

जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम बोले- गड़बड़ी हुई तो चुप नहीं बैठेगी सपा
27 अक्टूबर को गोरखपुर विश्वविद्यालय में होगी मतगणना
निष्पक्ष मतगणना कराने की उठाई मांग
Samajwadi Party Leaders Remained Counting Venue: गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव का मतदान 23 अक्टूबर को संपन्न होने के बाद अब 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मतपेटियों की सुरक्षा और मतगणना में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने के लिए समाजवादी पार्टी के नेता देर रात तक मतगणना स्थल पर डटे रहे। सपा जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने मतपेटियों की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी और अधिकारियों से पारदर्शी मतगणना कराने की मांग की।
मतगणना दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग में होनी है। मतदान समाप्त होने के बाद सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी और पार्टी के अन्य नेताओं ने मतपेटियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम ने जिलाधिकारी, मंडलायुक्त और चुनाव से जुड़े अधिकारियों से बातचीत कर मतगणना की निगरानी व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग की।
सपा नेताओं ने मतपेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने के लिए लगाई गई स्क्रीन का आकार बढ़ाने की मांग की। पार्टी नेताओं का कहना है कि मतगणना की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए, जिससे किसी भी प्रकार के संदेह की गुंजाइश न रहे। सपा ने प्रशासन से चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने और मतगणना के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।
सपा जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले कुछ चुनावों में मतगणना के दौरान धांधली की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस बार किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं करेगी। शासन और प्रशासन को निष्पक्षता के साथ मतगणना करानी चाहिए, ताकि चुनाव की विश्वसनीयता बनी रहे।
जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम ने स्पष्ट कहा कि यदि मतगणना के दौरान शासन या प्रशासन के स्तर पर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है, तो समाजवादी पार्टी चुप नहीं बैठेगी। पार्टी इसका विरोध करेगी और पारदर्शिता सुनिश्चित कराने के लिए आवाज उठाएगी।
गौरतलब है कि 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना के बाद ही गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के नए एमएलसी के नाम पर मुहर लगेगी। ऐसे में सभी प्रत्याशी अपने अपने जीत का दावा कर रहे है।
रिपोर्ट: अनुराग मिश्रा