गोरखपुर के पिपराइच में विजय साहनी को जिम्मेदारी, चंद्रशेखर आजाद ने जारी की छह विधानसभा प्रभारियों की चौथी सूची

Azad Samaj Party UP Election 2027: विजय साहनी की नियुक्ति को भी पिपराइच में पार्टी की संभावित चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि प्रभारी बनाए जाने का मतलब प्रत्याशी घोषित होना नहीं है।
Chandrashekhar Azad
चंद्रशेखर आजाद(सोर्स: A.I.)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • चुनाव से पहले विधानसभा स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपीं, पार्टी की चुनावी जमीन तैयार करने की कोशिश

  • जारी सूची में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज से जुड़े चेहरों को मिली प्रमुखता

  • बसपा का पुराना चुनावी तरीका, पहले विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की नियुक्ति, फिर इन्हें में से कईयों को बनाती है प्रत्याशी

Chandrashekhar Azad Political Strategy: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने विधानसभा प्रभारियों की चौथी सूची जारी की है। इसमें गोरखपुर की पिपराइच विधानसभा सीट समेत प्रदेश की छह सीटों पर प्रभारियों के नाम घोषित किए गए हैं। पिपराइच से विजय साहनी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

चुनावी जमीन तैयार करने की कोशिश

पार्टी की ओर से जारी सूची में हाथरस सदर (सुरक्षित) से रमेश चंद्र, आगरा की एत्मादपुर सीट से रिंकू सेठ, शाहजहांपुर की कटरा सीट से सलीम चांद उर्फ चांद बाबू, शाहजहांपुर सदर से हरिराम वर्मा और गोंडा की कर्नलगंज सीट से ऊषा देवी निषाद को विधानसभा प्रभारी बनाया गया है।

चुनाव से काफी पहले विधानसभा स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपने के इस कदम को पार्टी की चुनावी जमीन तैयार करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

Azad Samaj Party
विधानसभा प्रभारियों की सूची(सोर्स: नवभारत लाइव)

बसपा के पुराने फार्मूले पर चंद्रशेखर की नजर?

उत्तर प्रदेश की राजनीति में बहुजन समाज पार्टी का एक पुराना चुनावी तरीका रहा है। पार्टी चुनाव से पहले विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की नियुक्ति करती थी। बाद में इन्हीं में से कई चेहरों को चुनाव में प्रत्याशी बनाया जाता था।

अब आजाद समाज पार्टी भी इसी तरह विधानसभा स्तर पर अपने चेहरों को आगे कर रही है। ऐसे में विजय साहनी की नियुक्ति को भी पिपराइच में पार्टी की संभावित चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि प्रभारी बनाए जाने का मतलब प्रत्याशी घोषित होना नहीं है।

Chandrashekhar Azad
यूपी में भाजपा की असली बी-टीम कौन? मायावती, अखिलेश और ओवैसी के बीच मचा सियासी घमासान

पीडीए के सामाजिक समीकरण पर नजर

चंद्रशेखर आजाद की ओर से जारी सूची में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज से जुड़े चेहरों को प्रमुखता मिलती दिखाई दे रही है। सूची में सामान्य वर्ग के किसी चेहरे का नाम नहीं है। यह पार्टी की सामाजिक और राजनीतिक रणनीति का संकेत हो सकता है।

पीडीए के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी पहले से ही सक्रिय है। ऐसे में आजाद समाज पार्टी का इसी सामाजिक आधार पर अपने संगठन का विस्तार करना सपा के लिए भी राजनीतिक चुनौती बन सकता है।

पिपराइच में निषाद वोटों पर नजर, राजमती निषाद की दावेदारी की चर्चा

गोरखपुर की पिपराइच विधानसभा सीट निषाद बाहुल्य क्षेत्र मानी जाती है। ऐसे में यहां आजाद समाज पार्टी की ओर से विजय साहनी को विधानसभा प्रभारी बनाए जाने को स्थानीय सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों के नजरिए से भी देखा जा रहा है।

दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के खेमे में पूर्व दिग्गज नेता स्व. जमुना निषाद की पत्नी राजमती निषाद के चुनाव लड़ने की संभावनाओं की चर्चा है। राजनीतिक सूत्रों के हवाले से उन्हें पिपराइच विधानसभा सीट से सपा का संभावित चेहरा माना जा रहा है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

पिपराइच में निषाद मतदाताओं को लेकर संभावित मुकाबले पर नज़र

गौरतलब है कि बीते दिनों जब सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गोरखपुर पहुंचे थे, तब वह पूर्व मंत्री स्व. जमुना निषाद को श्रद्धांजलि देने उनके आवास भी गए थे। इस मुलाकात को भी पिपराइच के राजनीतिक समीकरणों के संदर्भ में देखा जा रहा है।

ऐसे में एक तरफ सपा खेमे में राजमती निषाद की संभावित दावेदारी की चर्चा है, तो दूसरी तरफ चंद्रशेखर आजाद ने भी निषाद समुदाय से आने वाले विजय साहनी को जिम्मेदारी सौंपी है। दोनों ही चेहरों का निषाद समाज से जुड़ाव होने के कारण पिपराइच में इस बार निषाद मतदाताओं को लेकर राजनीतिक दलों की रणनीति और संभावित मुकाबले पर नजर रहेगी।

Chandrashekhar Azad
फार्म हाउस में बनी मुझे मारने की योजना! नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद का बड़ा खुलासा, देखें VIDEO