शिक्षक की नियुक्ति की मांग को लेकर Gen-Alpha का प्रदर्शन, आजमगढ़ में स्कूल के बाहर बैठे छात्र-छात्राएं

Azamgarh Student Protest: स्मिथ इंटर कॉलेज में शिक्षक की नियुक्ति-अतिरिक्त फीस वसूली को लेकर सैकड़ों छात्राओं ने प्रदर्शन किया। प्रशासन ने 48 घंटे में केमिस्ट्री शिक्षक की व्यवस्था का आश्वासन दिया।
Gen Alpha Students Protest for Teachers in Azamgarh, Police Intervene as School Demonstration Escalates
Gen-Alpha का प्रदर्शन(सोर्स- फोटो नवभारत)
Updated on

Gen Alpha Student Protest UP: सगड़ी तहसील क्षेत्र के अजमतगढ़ स्थित स्मिथ इंटर कॉलेज में मंगलवार को शिक्षक की नियुक्ति और कथित अतिरिक्त फीस वसूली के विरोध में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया। स्कूल परिसर और बाहर जुटे विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां लेकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को भी मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप करना पड़ा।

छात्र-छात्राओं ने Gen-Alpha के अंदाज में अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। विद्यार्थियों का कहना है कि बोर्ड परीक्षाएं नजदीक हैं, लेकिन कॉलेज में कई महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। खास तौर पर रसायन विज्ञान और भौतिक विज्ञान की पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप छात्रों ने लगाया।

Gen-Alpha के प्रदर्शन के बीच ‘जैन जी-अल्फा’ की चर्चा

आजमगढ़ में छात्रों के इस प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान खींचा। जिस तरह Gen-Alpha पीढ़ी अपनी बात खुलकर और नए अंदाज में रखने के लिए जानी जाती है, उसी तरह यहां छात्र-छात्राओं ने तख्तियों और नारों के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के दौरान ‘जैन जी’ और ‘अल्फा’ शब्दों को लेकर भी चर्चा देखने को मिली और छात्रों के प्रदर्शन का यह अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

Gen Alpha Students Protest for Teachers in Azamgarh, Police Intervene as School Demonstration Escalates
झारखंड सरकार ने मानी छात्रों की बात, तो राहुल गांधी ने जताई खुशी, बोले- छात्र सवाल पूछें, तो जवाब मिलना चाहिए

एक छात्रा की तख्ती पर लिखा था- “बिना केमिस्ट्री टीचर के हमारा भविष्य एसिड की तरह जल रहा है।” पोस्टरों के जरिए विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रशासन से जल्द शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की।

चार महीने बाद बोर्ड परीक्षा, बढ़ी छात्रों की चिंता

छात्रों का कहना है कि बोर्ड परीक्षा में अब कुछ ही महीने शेष हैं। ऐसे में महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नहीं होने से उनकी तैयारी प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों का आरोप है कि समस्या को लेकर पहले भी कॉलेज प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ।

कथित अतिरिक्त फीस वसूली का भी आरोप

प्रदर्शन के दौरान स्थानीय प्रतिनिधि संतोष कुमार राय ने भी कॉलेज प्रबंधन पर कई आरोप लगाए। उनका दावा है कि विद्यार्थियों से कथित रूप से अतिरिक्त फीस ली गई और इसे वापस करने को लेकर भी शिकायतें हैं। उन्होंने विद्यालय में नियुक्तियों और संसाधनों के इस्तेमाल को लेकर भी जांच की मांग की।

हालांकि, इन आरोपों पर कॉलेज प्रबंधन की विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

Gen Alpha Students Protest for Teachers in Azamgarh, Police Intervene as School Demonstration Escalates
हाईकोर्ट ने राज्यपाल की संवैधानिक शक्ति पर की अहम टिप्पणी, कहा- मनमाने ढंग से इस्तेमाल नहीं हो सकती

48 घंटे में केमिस्ट्री शिक्षक की व्यवस्था का आश्वासन

हंगामे की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी और कॉलेज से जुड़े प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। छात्रों को 48 घंटे के भीतर रसायन विज्ञान के शिक्षक की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया गया।

छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में शिक्षक की व्यवस्था नहीं हुई और कथित अतिरिक्त फीस के मामले में कार्रवाई नहीं की गई, तो वे दोबारा प्रदर्शन करेंगे। जरूरत पड़ने पर सगड़ी मुख्य मार्ग पर चक्का जाम की चेतावनी भी दी गई है।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में स्थिति शांत है। अब निगाह इस बात पर है कि 48 घंटे के आश्वासन के बाद कॉलेज में शिक्षक की नियुक्ति को लेकर क्या कदम उठाया जाता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com