शादी के नाम पर 30 लाख की चपत! 25 परिवारों को बर्बाद करने वाले फर्जी IAS की तलाश में जुटी गोरखपुर पुलिस

इटावा के प्रीतम निषाद ने खुद को IAS बताकर गोरखपुर की लड़की से 26वीं शादी की और 30 लाख ठगे। आरोपी अब तक 25 शादियां कर चुका है। गोरखपुर पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
Defrauded of ₹30 Lakhs in the Name of Marriage! Gorakhpur Police Launch Manhunt for Fake IAS Officer Who Ruined 25 Families.
फर्जी IAS (Image- Social Media)
Updated on

Gorakhpur Fake IAS Case: उत्तर प्रदेश के इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र के लुधियात मोहल्ले का रहने वाला फर्जी आईएएस प्रीतम निषाद अब पुलिस के निशाने पर है। गोरखपुर पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए रवाना हो चुकी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। प्रीतम निषाद पर आरोप है कि उसने खुद को आईएएस अधिकारी बताकर गोरखपुर के कैंट इलाके की एक लड़की से शादी की और लाखों रुपये की ठगी की। इस मामले में उसकी बहन, जीजा और परिवार के अन्य सदस्यों को भी आरोपी बनाया गया है।

आरोपी खुद को मानिकपुर का एसडीएम बताता था और अब तक करीब 25 शादियां कर कई परिवारों से लाखों रुपये ठग चुका है। उसके खिलाफ पहले से ही इकदिल थाने में दो युवतियों द्वारा मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है।

कैसे खुला राज?

पीड़ित परिवार जब सच्चाई जानने इटावा पहुंचा, तो पूरा मामला सामने आ गया। वहां पता चला कि आरोपी ने कई शादियां धोखे से की हैं। इसके बाद लड़की को उसके परिजन वापस घर ले आए। बताया जा रहा है कि इस शादी में परिवार ने 30 लाख रुपये से अधिक खर्च किए थे। लड़की के पिता पैरालाइज्ड हैं और परिवार आर्थिक व मानसिक रूप से टूट गया है। रिश्ते की शुरुआत दिल्ली में रहने वाली बड़ी बेटी के जरिए हुई थी, जिसने एक सामाजिक ग्रुप में आए प्रोफाइल के माध्यम से प्रीतम निषाद को देखा। उसमें वह खुद को 32 वर्षीय आईएएस अधिकारी और मानिकपुर का एसडीएम बता रहा था।

झूठ का जाल

जानकारी के लिए जब परिवार इटावा गया, तो आरोपी ने उन्हें लुधियात मोहल्ले में एक मकान दिखाया और बताया कि वह अपनी बहन के साथ रहता है। गांव के बारे में पूछने पर उसने कहा कि उसका गांव पिछड़ा है और वह वहां कम जाता है, साथ ही खुद को गांव का पहला आईएएस अधिकारी बताया। उसकी बातों में आकर परिवार ने 11 मार्च 2026 को शादी तय कर दी। बाद में उसने शादी के खर्च के नाम पर 15 लाख रुपये ले लिए। भरोसा जीतने के लिए उसने पुराने इंटरव्यू के वीडियो और कुछ नेताओं के साथ फोटो भी भेजे।

शादी के बाद खुला सच

शादी के कुछ दिन बाद ही सच सामने आने लगा। आरोपी शादी के बाद फरार हो गया। उसके घर की हालत देखकर भी परिवार को शक हुआ जहां बुनियादी सुविधाएं तक नहीं थीं।लड़की के पिता ने बताया कि बारात में 20-30 लोग आए थे, जिनमें आरोपी के परिवार के सदस्य भी शामिल थे। प्रीतम पूरी तैयारी के साथ दूल्हा बना था और अलग-अलग कपड़े बदलकर खुद को अधिकारी जैसा दिखाने की कोशिश कर रहा था।

ऐसे रचा विश्वास का खेल

प्रीतम 7 मार्च को गोरखपुर आया था। जिस कार से वह आया, उस पर “भारत सरकार” लिखा हुआ था और उसके साथ एक व्यक्ति असिस्टेंट बनकर चल रहा था। उसने शादी का कार्ड भी दिया और दावा किया कि वह इसे मंत्रियों, सांसदों और पुलिस अधिकारियों को देने आया है। बाद में गांव से एक कॉल आने पर परिवार को पता चला कि वह पहले भी 25 शादियां कर चुका है और यह उसकी 26वीं शादी थी। फिलहाल गोरखपुर की कैंट पुलिस आरोपी और उसके परिवार की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com