‘अपनी बीवी की कसम खाकर कहो कि…’, सदन में भाजपा के मंत्री ने सपा विधायक से क्या कहा?, वीडियो वायरल

UP Monsoon Session: विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान दौरान दो नेता आमने सामने हो गए। दोनों के बीच पानी की समस्या को लेकर बहस हुई। बातचीत के बीच सदन में कुछ ऐसा हुआ कि माहौल हास्यास्पद हो गया।
jal jeewan mission debate
स्वतंत्र देव सिंह और मोहम्मद फहीम इरफान, फोटो: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Jal Jeewan Mission Debate: उत्तर प्रदेश विधानसभा में मंगलवार को प्रश्नकाल के दौरान जल जीवन मिशन को लेकर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और बिलारी के सपा विधायक मोहम्मद फहीम इरफान के बीच जमकर बहस हुई। आरोप-प्रत्यारोप का दौर इतना बढ़ा कि दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को इस्तीफे की चुनौती दे डाली।

जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और बिलारी के सपा विधायक मोहम्मद फहीम इरफान जल जीवन मिशन योजना को लेकर आमने-सामने हो गए। सपा विधायक ने मंत्री के विभाग में काम ना होने का आरोप लगाते हुए कमियां गिनवानी शुरू कीं वैसे ही जल शक्ति मंत्री तमतमाए हुए स्वर में बोले, 'अपनी बीवी की कसम खाकर कहो आपके गांव में पानी नहीं पहुंच रहा है।'

सपा विधायक ने गिनवाईं कमियां

सपा विधायक फहीम इरफान ने सदन में कहा कि जल जीवन मिशन के तहत कई गांवों में काम अधूरा पड़ा है। कई जगह पानी की टंकियां गिर चुकी हैं और जिन गांवों में आपूर्ति हो रही है, वहां प्रेशर इतना कम है कि आधे घंटे में मुश्किल से एक बाल्टी पानी भर पाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मिशन के आने के बाद हैंडपंप हटा दिए गए और ठेकेदारों ने पुराने विकास कार्यों को नुकसान पहुंचाया।

मंत्री का पलटवार, बोले- ‘बीवी की कसम खाकर कहो’

विधायक के आरोप सुनते ही मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने तीखे अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, “अपनी बीवी की कसम खाकर कहो कि आपके गांव में पानी नहीं पहुंच रहा है।”  स्वतंत्र देव सिंह की इस बात पर सदन ठहाकों से गूंज उठा। सभी खिलखिलाकर हंस पड़े। माहौल सामान्य होने के बाद मंत्री ने दावा किया कि अगर आरोप सही निकले तो वे उसी दिन इस्तीफा दे देंगे।

विधायक का जवाब – पश्चिम यूपी में जांच कराइए

फहीम इरफान ने भी पलटवार करते हुए कहा, “पश्चिम के किसी एक जिले की जांच करा लीजिए। अगर मेरे आरोप गलत निकले तो मैं विधानसभा से इस्तीफा दे दूंगा।” उन्होंने कहा कि कई विधायक जल जीवन मिशन की खराब स्थिति से परेशान हैं और यह मुद्दा सिर्फ उनके क्षेत्र तक सीमित नहीं है।

मंत्री ने दिया दोषी कंपनियों पर कार्रवाई का आश्वासन

मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि जो कंपनियां काम में लापरवाही बरत रही हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और संबंधित अधिकारियों को जेल भेजा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जहां भी सड़कें पाइपलाइन बिछाने के बाद खराब हुई हैं, उन्हें 31 दिसंबर तक दुरुस्त करा दिया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com