आपदा प्रभावितों पर योगी सरकार का बड़ा ऐलान, 24 घंटे में मिलेगा मुआवजा, अधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश

UP Weather Update: सीएम योगी ने मौसम से प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी मशीनरी सक्रिय रहे। उन्होंने कहा कि अधिकारी सुनिश्चित करें कि हर हाल में विपरीत मौसम का न्यूनतम असर हो।
cm yogi on national technology day
योगी आदित्यनाथ (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

CM Yogi On UP Weather: देश के कई राज्यों में हीटवेव और कई जगह बदलते मौसम के साथ आंधी बारिश और ओलावृष्टि देखी गई। इसको लेकर मौसम विभाग द्वारा चेतावनी भी जारी की गई है। इसको मद्देनजर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में हुई विपरीत मौसम की स्थितियों को देखते आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों को लेकर प्रशासन को निर्देश दिए हैं। इस दौरान सीएम योगी ने मौसम से प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी मशीनरी सक्रिय रहे।

आगे उन्होंने कहा कि यह प्रयास करें कि हर हाल में विपरीत मौसम का न्यूनतम असर हो। जनहानि, पशुहानि, घायलों व आपदा प्रभावितों को 24 घंटे में मुआवजा दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं नहीं होनी चाहिए।

अलर्ट मोड में रहने का निर्देश

सीएम योगी ने कहा कि सरकार हर प्रतिकूल परिस्थिति में किसानों व समस्त प्रदेशवासियों के साथ निरंतर खड़ी है। प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपरीत मौसम में कई जनपदों में सड़क दुर्घटनाएं हुईं। वहां राहत-बचाव कार्य तेज गति से हों। घायलों का निकटवर्ती अस्पतालों में त्वरित इलाज सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आंधी-बारिश की वजह से किसानों व आमजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पूरा प्रयास किया जाए कि प्रतिकूल मौसम का न्यूनतम प्रभाव हो।

राहत कार्यों में समन्वय का निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निरंतर फील्ड में रहें, वस्तुस्थिति का जायजा लें। उन्होंने कहा कि फील्ड अधिकारी भी खराब मौसम से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों के बीच जाएं और उनसे सीधा संपर्क करें और राहत कार्यों के लिए समन्वय बनाएं। किसी भी विपरीत स्थिति या आवश्यकता पर सभी सूचनाएं समय पर एकत्र कर शासन को उपलब्ध कराएं, ताकि प्रभावितों को जल्द से जल्द राहत सुनिश्चित की जा सके।

'ऑरेंज' और 'येलो' अलर्ट जारी

देशभर में मौसम के बिगड़ते मिजाज से देश के कई हिस्सों में इसका असर देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, और उत्तराखंड समेत देश के 10 राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला लगातार जारी है। बदलते मौसम से न केवल लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, बल्कि इससे कई राज्यों में जान-माल का भारी नुकसान भी हुआ है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए कई राज्यों में 'ऑरेंज' और 'येलो' अलर्ट जारी कर दिया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com