शौर्य तिरंगा यात्रा में शामिल हुए सीएम योगी आदित्यानाथ व लोग (सोर्स: एक्स@myogiadityanath)
लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ में भारत शौर्य तिरंगा यात्रा को लेकर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि यह तय है कि भारत की तरफ जो भी उंगली उठाएगा और बहन-बेटियों के सम्मान के विरुद्ध सुरक्षा में सेंध लगाने का कार्य करेगा, उसके जनाजे में कोई रोने वाला भी नहीं मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारें जवानों के कारण भारत ने पाकिस्तान के हौसले पस्त किए। दुनिया ने पाकिस्तान व उसके आकाओं के बेशर्मी भरे उस चेहरे को भी देखा, जिसमें आतंकियों के जनाजे में वहां के नेता व सैन्य अधिकारी भी शामिल हुए।
ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी का जश्र मनाने और सेना के शौर्य को सलामी देने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में अपने सरकारी आवास भारत शौर्य तिरंगा यात्रा को रवाना किया। हाथ में तिरंगा लेकर मुख्यमंत्री ने यात्रा का नेतृत्व किया। उन्होंने प्रदेशवासियों की तरफ से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, जवानों, पूर्व सैनिकों, नौजवानों का अभिनंदन किया।
‘तिरंगा’ भारत के शौर्य और पराक्रम का प्रतीक है। आज @BJP4UP द्वारा लखनऊ में आयोजित ‘भारत शौर्य तिरंगा यात्रा’ कार्यक्रम में सहभाग किया। अपने सैनिकों को सर्वोच्च सम्मान देने एवं आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए उत्तर प्रदेश में तिरंगा… pic.twitter.com/6tFo47h89D — Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 14, 2025
मुख्यमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान विफल राष्ट्र है और 70-75 वर्षों में उसने केवल आतंकवाद के बीज बोए हैं। पाकिस्तान ने अपनी विफलता की कहानी ही दुनिया को बताई है। आतंकवाद को दिया जा रहा संरक्षण यह साबित करता है कि आतंकवाद एक दिन पाकिस्तान को भी निगल लेगा। खोखला हो चुका पाकिस्तान आज जिस प्रकार का दुस्साहस कर रहा है, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ उसका जवाब था।
सीएम योगी ने कहा कि आने वाले समय में यह तय है कि भारत की तरफ जो भी उंगली उठाएगा और बहन-बेटियों के सम्मान के विरुद्ध सुरक्षा में सेंध लगाने का कार्य करेगा, उसके जनाजे में कोई रोने वाला भी नहीं मिलेगा।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि जवानों के सम्मान में भाजपा द्वारा तिरंगा यात्रा प्रारंभ की गई है। यह तिरंगा भारत के आन-मान-शान तथा शौर्य-पराक्रम का प्रतीक है। तिरंगा के प्रति सम्मान का भाव व्यक्त करने, सैनिकों को सर्वोच्च सम्मान देने व प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए उत्तर प्रदेश में आज से तिरंगा यात्रा की शुरुआत हो रही है।
भीषण गर्मी के बावजूद इतनी सुबह आपकी उपस्थिति भारतीय सेना के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति का सुंदर उदाहरण है। यही धैर्य व समर्पण का भाव भारतीय नागरिकों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत सैनिकों व देश की सरकार के प्रति व्यक्त किया।
भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का पहले दिन से ही संकल्प रहा है कि जब हम नए और विकसित भारत की बात करते हैं तो हमारा ध्येय राष्ट्र प्रथम होना चाहिए। जब राष्ट्र प्रथम का भाव 140 करोड़ भारतीयों की प्राथमिकता होगी तो अपने-अपने क्षेत्र में कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए हर भारतवासी जुटेगा, फिर दुनिया की कोई ताकत भारत के सामने टिक नहीं पाएगी।
(एजेंसी इनपुट के साथ)