हरदोई से शुरू होगी विकास की नई क्रांति; गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के लिए BJP का मेगा प्लान तैयार

Ganga Expressway Inauguration 2026: गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारी तेज हो गई है। हरदोई के मल्लावां में बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
A New Revolution of Development to Begin in Hardoi; BJP's Mega Plan Ready for the Inauguration of the Ganga Expressway
बीजेपी लीडर (सोर्स- आईएएनएस)
Published on
Updated on

Ganga Expressway Inauguration 2026 BJP Meeting: भारतीय जनता पार्टी ने प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शनिवार को हरदोई के मल्लावां में आयोजित समीक्षा बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने व्यवस्थाओं और जनभागीदारी को लेकर विस्तृत रणनीति तय की।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कार्यक्रम स्थल, आवागमन, जनसंपर्क और व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

विकास का प्रतीक बना प्रदेश-पंकज चौधरी

पंकज चौधरी ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के विकास का प्रतीक बनने जा रहा है। उन्होंने इसे एक दूरगामी परियोजना बताते हुए कहा कि यह प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ औद्योगिक निवेश, व्यापारिक गतिविधियों और रोजगार सृजन को गति देगा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन हुआ है और उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इन परियोजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारा जा रहा है। पूर्वांचल, बुंदेलखंड और गंगा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं ने प्रदेश को ‘एक्सप्रेसवे प्रदेश’ के रूप में नई पहचान दी है।

उद्घाटन कार्यक्रम होगा ऐतिहासिक

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि उद्घाटन समारोह को जन-उत्सव का रूप देते हुए अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि यह ऐतिहासिक अवसर अविस्मरणीय बन सके। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा संगठन अपनी अनुशासन और सक्रियता के लिए जाना जाता है और यह आयोजन संगठनात्मक क्षमता दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने निर्देश दिया कि बूथ से जिला स्तर तक समन्वय बनाकर सूक्ष्म योजना और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे प्रदेश की प्रगति को नई दिशा देने वाला प्रोजेक्ट है और कार्यकर्ताओं की एकजुटता व मेहनत से उद्घाटन कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भव्य बनाया जाएगा।

60 प्रतिशत एक्सप्रेस-वे

बता दें कि वर्तमान समय में देश के कुल एक्सप्रेस-वे में यूपी की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है। उत्तर प्रदेश, देश में एक्सप्रेस-वे प्रदेश के रूप में उभर रहा है। प्रदेश में वर्तमान समय में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे संचालित हैं। साथ ही प्रदेश में कई अन्य एक्सप्रेसवे निर्माणाधीन और प्रस्तावित हैं।

एजेंसी इनपुट के साथ...

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com