यूपी के 20 लाख कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, दीवाली और छठ से पहले सीएम योगी ने किया बड़ा ऐलान

उत्तर प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों को उपचुनाव और त्यौहारी सीजन के बीच एक और तोहफा मिला है। इसका फायदा यूपी के करीब 20 लाख कर्मचारियों और अधिकारियों को मिलेगा।
सीएम योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी आदित्यनाथ (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों को उपचुनाव और त्यौहारी सीजन के बीच एक और तोहफा मिला है। इसका फायदा यूपी के करीब 20 लाख कर्मचारियों और अधिकारियों को मिलेगा। सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को 30 अक्टूबर को वेतन देने के निर्देश दिए गए हैं। अगले महीने की शुरुआत में त्यौहारों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

दरअसल, नवंबर के पहले हफ्ते में दिवाली है और उसके छह दिन बाद छठ पर्व पड़ रहा है। इसके चलते सरकार ने अक्टूबर के आखिरी दिन तक सभी सरकारी कर्मचारियों को वेतन देने का फैसला किया है। यानी इस फैसले से सभी कर्मचारियों को दिवाली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज से पहले वेतन मिल जाएगा।

उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने दिवाली के त्यौहार से पहले वेतन देने का आदेश जारी किया है। इस संबंध में जिलाधिकारी और ट्रेजरी ऑफिसर को पत्र जारी कर आदेश जारी किया गया है। निर्देश देते हुए कहा गया है कि 31 अक्टूबर को दिवाली, 2 नवंबर को गोवर्धन पूजा, 3 नवंबर को भाई दूज और चित्रगुप्त पूजा है।

जानिए किसे मिलेगा फायदा?

त्योहारों के कारण सार्वजनिक अवकाश होने के कारण राज्यपाल ने उत्तर प्रदेश के सभी राज्य कर्मचारियों और सहायता प्राप्त शिक्षण के साथ ही प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, नगरीय स्थानीय निकायों और कार्य प्रभारी कर्मचारियों तथा कोषागारों से पेंशन प्राप्त करने वाले पेंशनरों को अक्टूबर 2024 का वेतन और पेंशन 30 अक्टूबर तक दिए जाने की मंजूरी दे दी है।

इन आदेशों का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। यह पत्र अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने जारी किया है। बता दें कि इससे पहले भी सरकार ने त्योहारों के मद्देनजर कर्मचारियों के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। इन्हें त्योहारों के साथ ही उपचुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com