आज़मगढ़ में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर से टकराई अनियंत्रित कार, चार लोगों की मौके पर ही मौत, एक घायल

Azamgarh Road Accident: आजमगढ़-वाराणसी राजमार्ग पर बरडीहा मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जिसमें रोड़ के किनारे खड़ी ट्रेलर से तेज रफ्तार अर्टिगा कार के टकराने से चार की मौत हो गई और एक घायल है।
Road Accident: Azamgarh Road Accident Leaves Four Dead as Car Hits Trailer
आजमगढ़ में सड़क हादसा (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Azamgarh Road Accident: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में शनिवार सुबह देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बरडीहा मोड़ के पास एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। इस भीषण हादसे में कार पर सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसा इतना भयंकर था कि अर्टिगा कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोग गाड़ी में ही फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद सभी को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर है।

झारखंड के रहने वाले थे सभी लोग

इस भयंकर सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए एकमात्र व्यक्ति की पहचान अजमल आलम के रूप में हुई है। अजमल आलम की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। पुलिस के अनुसार, कार में सवार सभी लोग मूल रूप से झारखंड राज्य के पलामू जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

ये सभी लोग झारखंड में पलामू जिले के मेदिनी नगर डालटनगंज क्षेत्र के मोहनिया गांव के रहने वाले थे। दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मृतकों के परिजनों को तुरंत इस हादसे की सूचना दे दी है। परिजन यह  दुखद खबर सुनकर आजमगढ़ पहुंचने के लिए रवाना हो गए हैं।

पुलिस कर रही है हादसे की जांच

हादसे के तुरंत बाद देवगांव कोतवाली पुलिस ने चारों शवों को अपने कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर यह तेज रफ्तार कार ट्रेलर से कैसे और किन कारणों से टकराई। घटना स्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है।

हालांकि पुलिस की तरफ से अभी तक हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की सटीक पहचान और उनके नामों का खुलासा नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आने के बाद ही मृतकों की पूरी पहचान और नाम स्पष्ट रूप से सामने आ पाएंगे। फिलहाल प्रशासन हाईवे पर हुए इस भीषण हादसे के सभी कारणों का पता लगाने में जुटा हुआ है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com