असम के जोरहाट में वायुसेना का विमान क्रैश, लैंडिंग के बाद एयरबेस के अंदर लगी आग; मची अफरा-तफरी

IAF Jet Crash Assam: असम के जोरहाट एयरबेस पर शनिवार को भारतीय वायुसेना का एक AN-32 परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सुरक्षित लैंडिंग के तुरंत बाद विमान में भीषण आग लग गई है।
Air Force aircraft crashes in Jorhat, Assam; fire breaks out inside the airbase after landing; chaos ensues.
भारतीय वायुसेना का विमान क्रैश, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

IAF AN-32 Jet Crash Jorhat: असम के जोरहाट से शनिवार को एक बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ भारतीय वायुसेना (IAF) का एक AN-32 परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। यह हादसा शनिवार, 13 जून को जोरहाट एयरबेस के भीतर उस समय हुआ जब विमान ने लैंडिंग की थी। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, विमान ने रनवे पर सुरक्षित लैंडिंग तो कर ली थी, लेकिन उसके ठीक बाद उसमें अचानक आग की लपटें उठती देखी गईं।

एयरबेस के भीतर हड़कंप और बचाव कार्य

विमान में आग लगते ही सैन्य ठिकाने के भीतर हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वायुसेना की आपातकालीन यूनिट और त्वरित प्रतिक्रिया टीम (QRT) को तुरंत सक्रिय किया गया। मौके पर पहुंचीं एयरबेस की फायर टेंडर गाड़ियों ने आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू कीं। इसके साथ ही विमान में सवार चालक दल (क्रू) के सदस्यों और कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तुरंत आपातकालीन बचाव अभियान शुरू किया गया।

वायुसेना का आधिकारिक बयान

हादसे के बाद भारतीय वायुसेना ने एक संक्षिप्त बयान जारी कर घटना की पुष्टि की है। वायुसेना ने कहा, "जोरहाट में आज IAF के एक AN-32 विमान का एक्सीडेंट हो गया। जानकारी मिलने पर आगे की अपडेट दी जाएगी।" हालांकि, वायुसेना के अधिकारियों ने अभी तक विमान में सवार लोगों की स्थिति या दुर्घटना के सटीक कारणों को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी नहीं मिल पाई है।

जांच के घेरे में 'आग' की वजह

फिलहाल वायुसेना के अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि आखिर सुरक्षित लैंडिंग के बावजूद विमान में आग किन परिस्थितियों में लगी। घटना का जायजा लेने के साथ ही आग लगने की वजहों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। बता दें कि जोरहाट एयरबेस पूर्वोत्तर भारत में सैन्य संचालन के लिए एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण केंद्र है, और इस हादसे के बाद वहां सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com