

असम में बेदखली के खिलाफ AMU के सैकड़ों छात्रों ने निकाला विरोध मार्च
सरकार को दी चेतावनी, छात्र बोले- एक समुदाय को बनाया जा रहा निशाना
विद्यार्थियों ने असम सरकार को चेताया- सरकार बदले अपनी कार्यप्रणाली और रवैये
AMU Students Demand Rehabilitation Assam Government: असम में लगातार चल रहे बेदखली अभियानों को लेकर अब देश के दूसरे हिस्सों में भी विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। असम सरकार की कार्रवाई के खिलाफ अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर विरोध मार्च निकाला। सैकड़ों की तादाद में सड़कों पर उतरे विद्यार्थियों ने असम सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश जाहिर किया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि एक विशेष समुदाय को निशाना बनाकर उसके घरों को उजाड़ा जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने असम सरकार से अपना रवैया बदलने की मांग की। उनका कहना था कि किसी भी सरकार की जिम्मेदारी नागरिकों को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर जीवन उपलब्ध कराना है, लेकिन असम में हजारों परिवारों के सामने घर और आशियाने का संकट खड़ा हो गया है। बेदखली की कार्रवाई के चलते बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं तक बेघर होकर कठिन परिस्थितियों में जीवन गुजारने को मजबूर हैं।
छात्रों ने सवाल उठाया कि यदि किसी जमीन को लेकर कानूनी विवाद या अतिक्रमण का मामला है तो उसका निस्तारण संवैधानिक और न्यायिक प्रक्रिया के तहत होना चाहिए। लेकिन किसी परिवार का आशियाना उजाड़ने के बाद उसके पुनर्वास और बुनियादी जरूरतों की जिम्मेदारी कौन उठाएगा? विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि असम सरकार की कार्रवाई में एक समुदाय के साथ भेदभाव किया जा रहा है।
असम में बेदखली अभियान को लेकर सामने आए आंकड़े भी इस पूरे मामले की गंभीरता को उजागर करते हैं। द न्यू ह्यूमैनिटेरियन की मार्च 2026 की पड़ताल के मुताबिक, मई 2021 से 2026 के बीच असम में कम से कम 33 बेदखली अभियान चलाए गए। इन अभियानों में 20,387 परिवार विस्थापित हुए और 22 हजार से अधिक निर्माण ध्वस्त किए गए। रिपोर्ट के मुताबिक विस्थापितों की संख्या एक लाख से अधिक हो सकती है। इनमें बड़ी संख्या में परिवारों के सामने आवास और आजीविका का संकट खड़ा हुआ है।
वहीं, असम सरकार की ओर से इन अभियानों को सरकारी, वन और अन्य भूमि से अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई के तौर पर पेश किया जाता रहा है। हालांकि, बेदखली की प्रक्रिया, जमीन के दस्तावेजों की जांच और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
विरोध मार्च में शामिल अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के विद्यार्थियों ने असम सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार को अपनी कार्यप्रणाली और रवैये में बदलाव करना चाहिए। छात्रों का कहना था कि सत्ता हमेशा एक जैसी नहीं रहती और वक्त बदलने में देर नहीं लगती। सरकार को ऐसी कार्रवाई से बचना चाहिए, जिसके लिए आने वाले समय में उसे पछताना पड़े।
प्रदर्शनकारियों ने मांग उठाई कि बेघर हुए परिवारों के पुनर्वास, बच्चों की शिक्षा और प्रभावित लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही किसी भी समुदाय के साथ भेदभाव किए बिना कानून के दायरे में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
AMU के छात्रों का यह विरोध मार्च इस बात का संकेत है कि असम में बेदखली का मुद्दा अब केवल राज्य तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि देश के विभिन्न शैक्षणिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा का विषय बनता जा रहा है।