

आठ साल बाद AMU छात्रसंघ की बहाली, पहले ही दिन प्रशासन को घेरा
मंत्री रघुराज सिंह के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग
राइडिंग क्लब की जमीन को लेकर धरना-प्रदर्शन का ऐलान
तारिक मंसूर के बेटे के चयन और भाई-भतीजावाद पर उठाए सवाल
Students Union Open Front Against University Administration: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में आठ साल बाद बहाल हुए छात्रसंघ ने अपने पहले ही बड़े सार्वजनिक मंच से विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
छात्रसंघ के शपथ ग्रहण समारोह में छात्र नेताओं ने कई अहम मुद्दे उठाते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह के AMU को आतंकवादियों का अड्डा बताने वाले बयान पर तीखा विरोध जताया गया और उनके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की गई।
समारोह में छात्र नेताओं ने प्रदेश सरकार में मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह के विवादित बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि AMU को आतंकवादियों का अड्डा बताना विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा और यहां पढ़ने वाले छात्रों के सम्मान पर सवाल उठाने जैसा है।छात्र नेताओं ने मांग की कि मंत्री के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
छात्रसंघ ने राइडिंग क्लब की जमीन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। छात्र नेताओं ने कहा कि इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो छात्रसंघ धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा।
पूर्व कुलपति तारिक मंसूर के बेटे के लॉ फैकल्टी में चयन और मौजूदा कुलपति नईमा खातून के कार्यकाल में हुई चयन प्रक्रियाओं को लेकर भी सवाल उठाए गए। छात्र नेताओं ने कथित भाई-भतीजावाद और पक्षपात का आरोप लगाते हुए चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
छात्र नेता अस्मर फरीदी और छात्रसंघ अध्यक्ष मोहम्मद नोमान अशरफ ने विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नियुक्तियों और चयन प्रक्रियाओं में सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर मिलना चाहिए। किसी भी प्रकार का पक्षपात विश्वविद्यालय की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करता है।
छात्र नेताओं ने कुलपति को चेतावनी देते हुए कहा कि छात्रों के अधिकारों और विश्वविद्यालय से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अब चुप्पी नहीं साधी जाएगी। कथित भाई-भतीजावाद, पक्षपात और प्रशासनिक अनदेखी के खिलाफ छात्रसंघ मजबूती से आवाज उठाएगा।
आठ साल बाद छात्रसंघ की वापसी के साथ ही उसके पहले बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम में उठे मुद्दों ने विश्वविद्यालय की राजनीति को नई दिशा दे दी है। अब निगाहें AMU प्रशासन पर टिकी हैं कि वह छात्रसंघ की मांगों और लगाए गए आरोपों पर क्या कदम उठाता है।