मृतका सोनाली और पुलिस टीम।
Agra Murder News : उत्तर प्रदेश के आगरा में यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे नाले में मिली युवती की लाश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। यह मामला प्रेम संबंधों में उपजी कड़वाहट और रंजिश का निकला। पुलिस ने मुख्य आरोपी सनी को गिरफ्तार कर लिया है। उसने अपनी प्रेमिका सोनाली की दिल्ली में हत्या करने के बाद लाश को ठिकाने लगाने के लिए आगरा का रुख किया था।
यमुना एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 148 के पास शुक्रवार को कंबल में लिपटा एक शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। शव की हालत खराब होने के कारण उसकी पहचान करना मुश्किल था। डीसीपी पश्चिम आदित्य ने एक अनूठी पहल करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से युवती की तस्वीर तैयार करवाई और उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। मृतका के हाथ पर सनी नाम का टैटू और दिल्ली-एनसीआर पुलिस के समन्वय से अंततः उसकी पहचान महोबा निवासी सोनाली के रूप में हुई।
जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि दिल्ली में ही सोनाली की हत्या कर दी गई थी। मूल रूप से कानपुर का रहने वाला सनी सोनाली के साथ रिश्ते में था। पूछताछ में पता चला कि सोनाली उससे अलग होकर नया रिश्ता बनाना चाहती थी। इससे सनी नाराज था। इसी रंजिश में उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और लाश को कार में लादकर आगरा के खंदौली टोल प्लाजा के पास नाले में फेंक दिया।
यह भी पढ़ें : यूपी में युवक ने पहले युवती को मारी गोली, फिर खुद भी किया सुसाइड
पुलिस के लिए सोनाली के हाथ पर गुदा सनी नाम का टैटू सबसे बड़ा सुराग बना। खंदौली टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर संदिग्ध कार की पहचान हुई, जिससे आगरा पुलिस की टीमें सीधे आरोपियों तक पहुंच गईं। पुलिस को अंदेशा है कि इस वारदात में सनी के दो दोस्तों समेत कुल छह लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस की चार टीमें अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं। मृतका के परिजनों ने तहरीर दे दी है और पुलिस ने सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया है।