योगी की 15 नवंबर तक गड्ढामुक्त सड़कों की डेडलाइन करीब, लेकिन गड्ढों में गुम आगरा की सड़कें

Agra Roads Reality Check: लोगों ने "नव भारत" को बताया कि सड़क की यह स्थिति कोई नई नहीं है। मार्ग गड्ढों की समस्या से जूझ रहा है। कई बार इन गड्ढों के कारण वाहन चालक असंतुलित होकर गिरकर चोटिल भी हुए।
Agra’s dilapidated roads
आगरा की बदहाल सड़कें(सोर्स: नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • आगरा कैंट से एमजी रोड और ताजमहल के आसपास तक बदहाल रास्ते

  • होटल एंड रेस्टोरेंट ओनर्स एसोसिएशन ने भी उठाए सवाल

  • जिलाधिकारी ने मांगा अधिकारियों से जवाब

CM Yogi Pothole-Free Directives: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की सड़कों को 15 नवंबर तक हर हाल में गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए थे। शासन स्तर से अधिकारियों को समयसीमा भी तय कर दी गई, लेकिन आगरा में इन निर्देशों का कितना पालन हुआ, इसकी हकीकत शहर की सड़कों पर साफ नजर आ रही है। नवभारत की टीम ने जब शहर की प्रमुख सड़कों का रियलिटी चेक किया तो शायद ही कोई ऐसा मार्ग मिला, जो गड्ढों से पूरी तरह मुक्त हो। कहीं सड़क की परत उखड़ी हुई है तो कहीं बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत बने हुए हैं।

आगरा का प्रवेश द्वार कहे जाने वाला आगरा कैंट रेलवे स्टेशन क्षेत्र बदहाली की सबसे बड़ी तस्वीर पेश कर रहा है। स्टेशन से बाहर निकलते ही सड़क की हालत शहर की व्यवस्थाओं की हकीकत बयां करने लगती है। यहां जगह-जगह गड्ढे हैं। यात्रियों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। देश-विदेश से आगरा पहुंचने वाले पर्यटकों के सामने भी शहर की पहली तस्वीर कुछ ऐसी ही बनती है।

एक साल से गड्ढों से जूझ रहे स्थानीय लोग

आगरा कैंट रोड पर कारोबार करने वाले लोगों ने "नव भारत" को बताया कि सड़क की यह स्थिति कोई नई नहीं है। करीब एक साल से मार्ग गड्ढों की समस्या से जूझ रहा है। कई बार इन गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को हर दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

लाइफ लाइन एमजी रोड से वीआईपी फतेहाबाद रोड तक बदहाली

बदहाल सड़कों की यह तस्वीर केवल आगरा कैंट तक सीमित नहीं है। शहर की लाइफलाइन कही जाने वाली एमजी रोड भी जगह-जगह गड्ढों से जूझ रही है। मेट्रो निर्माण कार्य के चलते कई स्थानों पर सड़क की स्थिति प्रभावित हुई है। वीआईपी माने जाने वाले फतेहाबाद रोड की हालत भी इससे अछूती नहीं है। ताजमहल के आसपास की सड़कें, यमुना किनारा रोड, कमला नगर, बल्केश्वर, शाहगंज, सिकंदरा रोड और सदर बाजार सहित शहर के कई प्रमुख इलाकों में सड़कें गड्ढों की समस्या से जूझ रही हैं।

Agra’s dilapidated roads
तीन मौतों के बाद भी नहीं सुधरे हालात! ट्रैफिक माह में नवभारत रियलिटी चेक, झांसी में खुली सड़क सुरक्षा की पोल!

अधिकारियों को मुंह चिढ़ा रहे गड्ढे

शहर की सड़कों की बदहाली पर होटल एंड रेस्टोरेंट ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश वाधवा ने भी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने "नव भारत" से बातचीत में कहा कि यह कहना बेमानी है कि आगरा की सड़कें गड्ढामुक्त हो चुकी हैं। अगर सड़कों की वास्तविक स्थिति देखनी है तो ताजमहल के आसपास और फतेहाबाद रोड पर जाकर देख लीजिए। उन्होंने सवाल उठाया कि शहर की ऐसी कौन सी सड़क है, जो गड्ढों से मुक्त हो? उनका कहना था कि सड़कों पर बने गड्ढे अधिकारियों को मुंह चिढ़ा रहे हैं। पर्यटन नगरी आगरा में सड़कों की यह स्थिति शहर की छवि पर भी असर डालती है।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी के बावजूद बदहाली

आगरा में मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप, जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी, नगर निगम, आगरा विकास प्राधिकरण, आवास विकास और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद हैं। इसके अलावा जिले में नौ विधायक, दो सांसद और तीन मंत्री भी हैं। भारत सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री भी आगरा से आते हैं। इसके बावजूद शहर की प्रमुख सड़कों की बदहाली व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। आखिर जिम्मेदारी किसकी है और सड़कों की मरम्मत के लिए तय समयसीमा का पालन क्यों नहीं हो पाया?

डीएम ने मांगा जवाब, कार्रवाई का दिया भरोसा

सड़कों की बदहाली और गड्ढामुक्त अभियान को लेकर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा गया है। विभागों से सड़कों की स्थिति और कराए गए कार्यों की जानकारी ली गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित मानकों के अनुरूप काम नहीं हुआ है और जिले की सड़कें गड्ढामुक्त नहीं हुई हैं तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी।

अब देखना यह होगा कि 15 नवंबर की समयसीमा तक आगरा की सड़कों की तस्वीर बदलती है या फिर गड्ढामुक्त सड़कें केवल सरकारी निर्देशों और कागजी दावों तक ही सीमित रह जाती हैं।

Agra’s dilapidated roads
मथुरा पुलिस का बड़ा एक्शन! यातायात माह से पहले सड़कों पर उतरी, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वालों के काटे चालान