आगरा कैंट के कायाकल्प पर ₹12 करोड़ खर्च, रेलवे-आरपीएफ विवाद रोकने के लिए हर सोमवार होगी बैठक

Agra Cantt Railway Station: नवभारत ने रेलवे स्टेशन पर लगे लगेज स्कैनरों के बार-बार खराब होने का मुद्दा उठाया। सवाल किया कि यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण स्कैनर लगातार खराब क्यों होते हैं?
special interaction with the media
मंडल रेल प्रबंधक और उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने मीडिया से की खास बातचीत(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • 110 स्पेशल ट्रेनों से लेकर 90 फीसदी समयबद्धता तक रेलवे ने गिनाईं उपलब्धियां

  • स्कैनर खराब होने और कर्मचारियों के विवाद पर नवभारत ने उठाए सवाल

  • रेल कर्मचारियों के बीच होने वाले विवादों का भी उठाया मुद्दा

Agra Cantt Transformation: भारतीय रेलवे देशभर में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बड़े स्तर पर काम कर रहा है। रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास, प्लेटफॉर्म विस्तार, फुट ओवरब्रिज निर्माण और नई ट्रेनों के संचालन के साथ यात्री सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। आगरा में ईदगाह और राजा मंडी रेलवे स्टेशन के साथ आगरा रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले गोवर्धन सहित राजस्थान सीमा के कई स्टेशनों का कायाकल्प किया गया है। वहीं आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का काम भी जारी है।

मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल और उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने मीडिया से बातचीत में रेलवे की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान नवभारत ने यात्रियों की सुरक्षा, स्कैनरों की खराबी और आरपीएफ व रेल कर्मचारियों के बीच होने वाले विवादों को लेकर भी सवाल उठाए।

आगरा कैंट पर 12 करोड़ से बनेगा फुट ओवरब्रिज

डीआरएम गगन गोयल ने बताया कि आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए प्लेटफॉर्म का विस्तार किया जा रहा है। यात्रियों के लिए शौचालयों को भी अपडेट किया गया है। इसके साथ ही करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। स्टेशन के पुनर्विकास का काम भी चल रहा है। रेलवे का प्रयास है कि यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिले।

त्योहारों पर 110 स्पेशल ट्रेनें, आगरा से गुजरीं 93

दीपावली और अन्य पर्वों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने विशेष ट्रेनों का संचालन किया। अधिकारियों ने बताया कि दीपावली के दौरान पूरे उत्तर मध्य रेलवे क्षेत्र में 110 स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं, जिनमें करीब 93 ट्रेनें आगरा से होकर गुजरीं। पर्वों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए 424 ट्रेनों का संचालन किया गया। अतिरिक्त फेरों को मिलाकर करीब 1100 ट्रिप की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

अब छठ पर्व को लेकर रेलवे की तैयारियां तेज हैं। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के साथ स्टेशनों पर भीड़ का प्रबंधन करना रेलवे की बड़ी जिम्मेदारी है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

special interaction with the media
मंडल रेल प्रबंधक और उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने मीडिया से की खास बातचीत(सोर्स: सोशल मीडिया)

ट्रेनों की समयबद्धता 90 फीसदी से अधिक

डीआरएम और मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने संयुक्त रूप से बताया कि उत्तर मध्य रेलवे में ट्रेनों की समयबद्धता 90 प्रतिशत से अधिक रही है। इसे रेलवे की बड़ी उपलब्धि बताया गया। अधिकारियों के मुताबिक यात्रियों को समय पर गंतव्य तक पहुंचाना रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल है।

स्कैनर खराब होने पर नवभारत ने उठाया सवाल

प्रेस वार्ता में नवभारत ने आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर लगे लगेज स्कैनरों के बार-बार खराब होने का मुद्दा उठाया। सवाल किया गया कि यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण स्कैनर लगातार खराब क्यों होते हैं? इस पर अधिकारी खराबी की वजह स्पष्ट नहीं कर सके। हालांकि उन्होंने बताया कि फिलहाल स्कैनर को ठीक करा दिया गया है और भविष्य में ऐसी समस्या न आए, इसके लिए संबंधित कर्मचारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। स्टेशन के अन्य प्रवेश द्वारों पर भी स्कैनर लगाने की व्यवस्था की जा रही है।

special interaction with the media
गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर अधिवक्ता से मारपीट, RPF जवानों पर चोटी नोचने और बंदूक के बट से पीटने का आरोप

आरपीएफ और रेल कर्मचारियों के विवाद पर अब हर सोमवार होगी बैठक

नवभारत ने प्रेस वार्ता में आरपीएफ और रेल कर्मचारियों के बीच उत्पन्न होने वाले विवादों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। सवाल किया गया कि ऐसे विवादों को रोकने और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए क्या प्रशिक्षण या कोई विशेष व्यवस्था की जा रही है?

इस पर वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ने आरपीएफ और डिप्टी एसएस के बीच हुए विवाद को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि इस घटना से रेलवे ने सीख ली है। भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए समन्वय बढ़ाने की पहल की गई है। अब प्रत्येक सोमवार को स्टेशन डायरेक्टर की ओर से सभी संबंधित विभागों की बैठक आयोजित की जाती है। इसमें आरपीएफ के साथ रेलवे और जीआरपी के अधिकारी भी मौजूद रहते हैं। बैठक में आपसी तालमेल, समस्याओं और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाती है।

डीआरएम गगन गोयल ने भी माना कि ऐसे विवाद रेलवे की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह के विवाद न बढ़ें और रेलवे की बदनामी न हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने मीडिया से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि रेलवे से जुड़ी ऐसी समस्याओं और घटनाओं की जानकारी मीडिया उन्हें दे, ताकि समय रहते उनका समाधान किया जा सके। साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए मीडिया से सुझाव भी मांगे।

सौर ऊर्जा से सात महीने में 40 लाख की बचत

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ.शिवम शर्मा ने बताया कि आगरा में सौर ऊर्जा के माध्यम से रेलवे ने करीब 40 लाख रुपये की बचत की है। महज सात महीने में 410 मीट्रिक टन बिजली उत्पादन का आंकड़ा हासिल किया गया है। रेलवे की यह पहल बिजली खर्च कम करने के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सुविधाओं के साथ जवाबदेही भी जरूरी

रेलवे की ओर से स्टेशन पुनर्विकास, फुट ओवरब्रिज, स्पेशल ट्रेनों और सौर ऊर्जा जैसी उपलब्धियां गिनाई गईं, लेकिन नवभारत की ओर से उठाए गए स्कैनर की खराबी और कर्मचारियों के बीच विवाद के सवालों ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल नई सुविधाएं विकसित करना पर्याप्त नहीं है। उनका नियमित रखरखाव, विभागों के बीच बेहतर तालमेल और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी रेलवे की उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी है।

special interaction with the media
आगरा में बस अड्डों पर पसरा सन्नाटा, रेलवे स्टेशनों पर उमड़ी घर लौटने वालों की भीड़