

Meet At Agra Footwear Fair: आगरा का फुटवियर उद्योग अब केवल उत्पादन और पारंपरिक बाजार तक सीमित रहने के बजाय तकनीक, ग्लोबल सोर्सिंग और अंतरराष्ट्रीय कारोबारी साझेदारी की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में तीन दिनों तक चले 18वें ‘मीट एट आगरा’ ने इसी बदलाव की तस्वीर पेश की। सोमवार को समापन के साथ फेयर ने करीब ₹21,000 करोड़ के संभावित कारोबारी अवसरों की नींव रखी। अब उद्योग के सामने चुनौती इन कारोबारी संपर्कों को वास्तविक ऑर्डर, निवेश और नई साझेदारियों में बदलने की है।
फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैम्बर (एफमेक) के आयोजन में तीन दिनों के दौरान 21,147 विजिटर्स पहुंचे। इनमें 10,115 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स और 1,940 विद्यार्थी एवं भावी उद्यमी शामिल रहे। कुल 224 स्टॉल्स पर फुटवियर कंपोनेंट्स, मटेरियल्स, मशीनरी और औद्योगिक सहयोग से जुड़े उत्पादों एवं तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।
फेयर के अंतिम दिन सर्वाधिक 8,810 विजिटर्स पहुंचे। इनमें 4,428 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स और 927 विद्यार्थी एवं भावी उद्यमी शामिल रहे। स्टॉल्स पर केवल उत्पाद प्रदर्शन तक गतिविधियां सीमित नहीं रहीं, बल्कि निर्माताओं और आपूर्तिकर्ताओं के बीच गुणवत्ता, तकनीक, सोर्सिंग, उत्पादन क्षमता और आपूर्ति को लेकर कारोबारी बातचीत हुई।
फेयर में बने संपर्कों को भविष्य के कारोबार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आयोजकों के आकलन के मुताबिक इस बार संभावित कारोबारी अवसर पिछले वर्ष के मुकाबले करीब ₹2,500 करोड़ बढ़े हैं।
18वें संस्करण ने पिछले वर्ष के मुकाबले कारोबारी सहभागिता में भी बढ़त दर्ज की। वर्ष 2025 में जहां कुल 19,420 विजिटर्स पहुंचे थे, वहीं इस वर्ष संख्या बढ़कर 21,147 हो गई। इसी तरह पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स की संख्या 8,390 से बढ़कर 10,115 पहुंच गई।
संभावित कारोबार का आंकड़ा भी 2025 के ₹18,500 करोड़ से बढ़कर इस बार करीब ₹21,000 करोड़ आंका गया है। इससे संकेत मिलता है कि आगरा का फुटवियर बाजार घरेलू कारोबार के साथ-साथ वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
फेयर का चाइना पवेलियन भी उद्यमियों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। हॉल बी में चीनी प्रदर्शकों ने फुटवियर कंपोनेंट्स, मटेरियल्स और मशीनरी से जुड़े विकल्प पेश किए। निर्माताओं ने अपनी उत्पादन जरूरतों के अनुरूप तकनीकी समाधान और उत्पादों की जानकारी ली।
इस वर्ष चीन से आठ एग्जिबिटर्स ने भागीदारी की। चीनी प्रदर्शकों ने आयोजन के अनुभव को उत्साहजनक बताते हुए अगले वर्ष और बड़ी संख्या में भागीदारी की इच्छा जताई। एफमेक ने भी 2027 में चीन के साथ अन्य देशों से एग्जिबिटर्स और उद्योग प्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ाने की तैयारी का संकेत दिया है।
एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि फेयर ने निर्माताओं को नई तकनीक और बाजार की बदलती जरूरतों से जोड़ने का अवसर दिया है। यहां बने कारोबारी संपर्क भविष्य में नई साझेदारियों और कारोबार का आधार बन सकते हैं।
एफमेक के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन एएस राणा ने कहा कि वैश्विक बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए उद्योग को गुणवत्ता, डिजाइन और उत्पादकता पर लगातार काम करना होगा। उपाध्यक्ष राजीव वासन ने मशीनरी और मटेरियल्स को उत्पादन प्रक्रिया के लिहाज से उपयोगी बताया। उपाध्यक्ष राजेश सहगल ने कहा कि निर्माताओं और आपूर्तिकर्ताओं के सीधे संवाद से गुणवत्ता और सप्लाई से जुड़ी जरूरतों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिली। महासचिव प्रदीप वासन ने कारोबारी संपर्कों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
समापन समारोह में उत्पादों, नवाचार और स्टॉल प्रस्तुति के लिए पांच श्रेणियों में सात प्रदर्शकों को सम्मानित किया गया। बेस्ट पॉलिमर्स एंड केमिकल्स का सम्मान केएलजे पॉलिमर्स एंड केमिकल्स के सौरभ गुप्ता एवं विनय गुप्ता को मिला। बेस्ट लेदर प्रोडक्ट्स के लिए बसंत एंटरप्रेन्योर प्रा. लि. के प्रणव मित्तल और बेस्ट मशीनरी स्टॉल के लिए पायनियर टेक स्टेप लिंकर्स के कपिल धवन को सम्मानित किया गया।
बेस्ट इनोवेटिव प्रोडक्ट श्रेणी में संदीप रबर (आई) इंडस्ट्रीज के संजय गुप्ता और नवकार टेकटेक्स प्रा. लि. के श्रेयांश बोथरा को सम्मान मिला। बेस्ट एग्जिबिटर अवार्ड स्टक केमिकल्स प्रा. लि. (स्टक ऑन ग्रुप) के शैलेश पाठक तथा श्रॉफ सेल्स कॉरपोरेशन (श्रॉफ ग्रुप) के निमित श्रॉफ एवं सौरभ श्रॉफ को प्रदान किया गया।
समापन के साथ एफमेक ने अगले संस्करण की तारीखों की घोषणा भी कर दी। ‘मीट एट आगरा 2027’ का आयोजन 2, 3 और 4 अक्टूबर 2027 को आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में होगा। अगले संस्करण को अधिक अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने की तैयारी की जाएगी।
आयोजकों के मुताबिक इस बार फेयर में कारोबार, तकनीक और वैश्विक संपर्कों का दायरा बढ़ा है। अब अगले चरण में इन संपर्कों को ठोस कारोबारी परिणामों में बदलना उद्योग के लिए सबसे महत्वपूर्ण होगा।
समापन अवसर पर फेयर ऑर्गनाइजिंग कमेटी की चेयरमैन माला खेड़ा, सचिव अनिरुद्ध तिवारी, कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा, सीफी के प्रदेश अध्यक्ष ओपिंदर लवली, महासचिव नकुल मनचंदा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। व्यवस्थाओं में एफमेक के संकल्प अग्रवाल, सीसीएलए के अजय शर्मा, बृजेश शर्मा और मुनेंद्र सिंह की प्रमुख भूमिका रही।