

Highlights
योगी-अखिलेश की जुबानी जंग में अज्जू चौहान की एंट्री
अखिलेश को मथुरा से चुनाव लड़ने की चुनौती
हिंदू महासभा ने कहा- यदुवंशी हैं तो मथुरा से चुनाव लड़कर दिखाएं
6 दिसंबर को लेकर भी दिया बयान
Yogi Adityanath Akhilesh Yadav News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। सियासी बयानबाजी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती देने के बाद अब इस मामले में आगरा के हिंदुत्ववादी नेता और हिंदू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अज्जू चौहान की भी एंट्री हो गई है। अज्जू चौहान ने अखिलेश यादव को मथुरा से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए तीखा बयान दिया है। उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, बीते दिनों सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। इसके जवाब में सीएम योगी ने भी चुनौती स्वीकार करते हुए कहा कि वह चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। इसके बाद अखिलेश यादव ने अपना रुख बदलते हुए कहा कि भाजपा पहले योगी आदित्यनाथ को टिकट तो दे दे।
दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी के बाद प्रदेश की सियासत में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। उधर, चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर दिल्ली में विपक्षी दलों के विरोध-प्रदर्शनों के बीच राजनीतिक माहौल भी गरमाया हुआ है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दल चुनाव आयोग के मुद्दे पर भाजपा और केंद्र सरकार को घेर रहे हैं।
इसी सियासी माहौल के बीच आगरा के अज्जू चौहान ने अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि वह अयोध्या से चुनाव लड़ने की बात कैसे कर सकते हैं? उन्होंने राम मंदिर आंदोलन और अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलाए जाने की घटनाओं का जिक्र करते हुए सपा नेतृत्व पर तीखा हमला बोला।
अज्जू चौहान ने कहा कि जिस अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलाए जाने और कारसेवकों के साथ अत्याचार किए जाने का इतिहास रहा है, वहां से चुनाव लड़ने की चुनौती देना आसान है, लेकिन अगर अखिलेश यादव वास्तव में यदुवंशी हैं तो उन्हें अयोध्या के बजाय मथुरा से चुनाव लड़कर दिखाना चाहिए।
उनके इस बयान ने योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव के बीच चल रही जुबानी जंग में एक नया राजनीतिक मोड़ जोड़ दिया है। अब इस बयान को लेकर भी सियासी प्रतिक्रियाएं सामने आने की संभावना है।
अज्जू चौहान ने अपने बयान में 6 दिसंबर का जिक्र करते हुए कहा कि इस दिन संत समाज एकत्रित हो रहा है और जन्मभूमि को लेकर बड़ा निर्णय लिया जाना है। उन्होंने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि वह भगवा चोला पहनकर आएं और मस्जिद में पहला हथौड़ा लगाएं। अज्जू चौहान ने दावा किया कि यदि अखिलेश यादव ऐसा करते हैं तो उत्तर प्रदेश में उनकी सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले ही राजनीतिक दलों और नेताओं के बीच बयानबाजी का दौर तेज होता दिखाई दे रहा है। अयोध्या, राम मंदिर और मथुरा जैसे धार्मिक मुद्दे भी सियासी बहस के केंद्र में आ रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव के बीच शुरू हुई जुबानी जंग में अब अज्जू चौहान के बयान ने नया तड़का लगा दिया है।
फिलहाल, सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अखिलेश यादव की ओर से अज्जू चौहान के बयान पर कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं और चुनाव से पहले यह सियासी विवाद आगे क्या रूप लेता है।