आगरा में PWD की खुली पोल! दूसरे दिन उखड़ी सड़क, पार्षद ने ट्रैक्टर-ट्रॉली रुकवाई

Agra PWD Road News: आगरा के वार्ड-36 के मुस्तफा क्वार्टर में PWD द्वारा बनाई गई सड़क दोबारा उखड़ने पर पार्षद राकेश कनौजिया ने विरोध जताया। घटिया निर्माण का आरोप लगाते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
Agra Residents Protest as Newly Built PWD Road Peels Off Again, Corporator Warns of Massive Agitation
आगरा PWD (सोर्स-फोटो नवभारत)
Updated on

Agra PWD Road Construction: लोक निर्माण विभाग (PWD) एक बार फिर सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवालों के घेरे में है। आगरा नगर निगम के वार्ड-36 स्थित मुस्तफा क्वार्टर में बनी सड़क दोबारा उखड़ जाने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

स्थानीय पार्षद राकेश कनौजिया ने विभाग पर घटिया निर्माण और खानापूर्ति का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि गुणवत्ता के साथ सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो जनता के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

निर्माण के अगले ही दिन उखड़ गई सड़क

पार्षद राकेश कनौजिया के अनुसार, कुछ समय पहले PWD द्वारा वार्ड-36 में सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन सड़क अगले ही दिन उखड़ गई। इसके विरोध में उन्होंने विभागीय कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया था। धरने के बाद अधिकारियों ने सड़क को दोबारा गुणवत्ता के साथ बनाने का आश्वासन दिया।

हालांकि, पार्षद का आरोप है कि दोबारा कराया गया निर्माण भी अगले ही दिन खराब हो गया। इसकी शिकायत PWD के जूनियर अभियंता श्रीकृष्ण से की गई, जिन्होंने फिर से सड़क बनवाने का भरोसा दिया।

शुक्रवार देर रात विभाग के कर्मचारी गिट्टी डालकर करते रहे खानापूर्ति

आरोप है कि शुक्रवार देर रात विभाग के कर्मचारी ट्रैक्टर-ट्रॉली में थोड़ी मात्रा में गिट्टी लेकर पहुंचे और सड़क पर केवल गिट्टी डालकर खानापूर्ति करने लगे। इसकी जानकारी मिलते ही पार्षद राकेश कनौजिया और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि विभाग गुणवत्ता पूर्ण सड़क निर्माण कराने के बजाय केवल औपचारिकता निभा रहा है।

मानकों के अनुरूप हो सड़क का निर्माण

पार्षद राकेश कनौजिया ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि विभाग ने मानकों के अनुरूप सड़क का निर्माण नहीं कराया तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

फिलहाल इस मामले को लेकर क्षेत्र में लोगों के बीच नाराजगी बनी हुई है और सभी की नजर अब PWD की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com